Loksabha Election 2019: एक नजर मोहनलालगंज लोकसभा सीट पर

punjabkesari.in Friday, May 03, 2019 - 04:02 PM (IST)

मोहनलालगंज: लोकसभा सीट हर राजनैतिक दल के लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह राजधानी लखनऊ से बिल्कुल सटी हुई है इसलिए हर पार्टी इसे जीतना चाहती है। यह सीट 1962 में अस्तित्व में आई थी अब तक इस पर 14 बार चुनाव हुए थे। पहली बार 1962 में हुए चुनाव में कांग्रेस की गंगा देवी ने जीत हासिल की। गंगा देवी 1967,और 1971 में भी इस सीट से कांग्रेस की सांसद बनी, लेकिन आपातकाल के बाद 1977 में हुए चुनाव में भारतीय लोकदल के रामजी लाल कुरील ने यहां से जीत दर्ज की।



1980 में हुए चुनाव में कांग्रेस के कैलाश पति ने यहां से जीत हासिल की। 1984 में कांग्रेस नेता जगन्नाथ प्रसाद ने जीत दर्ज की, लेकिन 1989 में जनता दल ने यहां से जीत हासिल कर कांग्रेस के रथ को रोका और फिर कांग्रेस यहां दुबारा नहीं आ सकी। 1991 और 1996 में बीजेपी के छोटे लाल ने यहां से चुनाव जीता, लेकिन 1998 से 2009 तक लगातार सपा का इस सीट पर कब्जा रहा।  2014 में एक बार फिर बीजेपी के कौशल किशोर यहां से चुनाव जीते। 2019 लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने एक बार फिर कौशल किशोर पर ही दांव लगाया है।



मोहनलालगंज लोकसभा सीट के तहत 5 विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें सिधौली, मलीहाबाद, बख्शी का तालाब, सरजोनी नगर और मोहनलालगंजविधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें सिधौली सीट सीतापुर जिले में आती है और बाकी सभी विधानसभा सीटें लखनऊ जिले में आती है।



2017 के विधानसभा चुनाव में बख्शी का तालाब, सरोजनी नगर और मलीहाबाद सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी, जबकि मोहनलालगंज में सपा और सिधौली सीट पर बसपा का ने चुनाव जीता।



2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में मोहनलाल गंज सीट पर कुल 19 लाख 56 हज़ार 358 वोटर अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 49 हज़ार 51 है। जबकि महिला वोटरों की संख्या 9 लाख 7 हज़ार 245 है। वहीं ट्रांस जेंडर वोटरों की संख्या 62 है।



मोहनलालगंज लोकसभा सीट पर 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के कौशल किशोर ने चुनाव जीता था। कौशल किशोर को कुल 4 लाख 55 हज़ार 274 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर बसपा के आर के चौधरी रहे। चौधरी को कुल 3 लाख 9 हज़ार 858 वोट मिले थे, जबकि तीसरे नंबर पर सपा की सुशीला सरोज थी। सुशीला को कुल 2 लाख 42 हजार 366 वोट मिले थे।



2009 में मोहनलाल गंज लोकसभा सीट पर सपा की सुशीला सरोज ने चुनाव जीता था। सुशीला को कुल 2 लाख 56 हज़ार 367 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर बसपा के जयप्रकाश रहे। जय प्रकाश को कुल 1 लाख 79 हज़ार 772 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर आरके चौधरी रहे। आरके चौधरी आएसबीपी से चुनाव लड़े थे। चौधरी को कुल 1 लाख 44 हजार 341 वोट मिले थे।



2004 में मोहनलाल गंज लोकसभा सीट पर सपा के जयप्रकाश ने यहां से चुनाव जीता था। जयप्रकाश ने बसपा के राधे लाल को हराया था। जयप्रकाश को कुल 1 लाख 48 हज़ार 578 वोट मिले थे, जबकि बसपा के राधे लाल को कुल 1 लाख 46 हज़ार 10 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर बीजेपी के मस्तराम रहे। मस्तराम को कुल 1 लाख 15 हज़ार 989 वोट मिले थे।

 

 

Ruby