Loksabha Election 2019: एक नजर आगरा सीट पर

punjabkesari.in Saturday, Apr 06, 2019 - 12:27 PM (IST)

आगराः उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से एक आगरा लोकसभा सीट है। पहले लोकसभा चुनाव से लेकर साल 1971 तक जितने भी चुनाव हुए सभी चुनावों में कांग्रेस को जीत मिली या यूं कहें कि यह सीट कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी, लेकिन आपातकाल के बाद देश में कांग्रेस विरोधी लहर चली और चौधरी चरण सिंह की पार्टी भारतीय लोक दल ने यहां पर जीत दर्ज की।



हालांकि साल 1980 और 1984 में हुए चुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर से वापसी की, लेकिन उसके बाद से जितने भी चुनाव हुए सभी में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। साल 1989 में जनता दल ने इस सीट पर कब्जा किया। 1991, 1996 और 1998 में भारतीय जनता पार्टी का इस सीट पर कब्जा रहा। 1999 और 2004 में बॉलीवुड अभिनेता राज बब्बर ने समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनाव जीता। 2004 और 2009 में हुए चुनाव में यह सीट बीजेपी के खाते में गई और रामशंकर कठेरिया यहां से चुनाव जीते।



आपको बता दें कि आगरा लोकसभा सीट के अंतर्गत कुल 5 विधानसभा सीटें आती हैं। जिसमें आगरा जिले की एतमादपुर, आगरा केंट, आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर और एटा जिले की जलेसर विधानसभा सीट शामिल है।



साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम को देखें तो आगरा लोकसभा की सभी 5 विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा जमाया था।



आगरा में कुल मतदाताओं की संख्या
इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में आगरा में कुल मतदाताओं की संख्या 19 लाख 4 हजार 706 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 40 हजार 87, महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 64 हजार 522 और ट्रांस जेंडर के कुल 97 मतदाता शामिल हैं।



साल 2014 के नतीजे
अब एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर डालें तो साल 2014 में इस सीट पर बीजेपी के रामशंकर कठेरिया ने 5 लाख 83 हजार 716 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं बहुजन समाज पार्टी के नारायण सिंह सुमन 2 लाख 83 हजार 453 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि समाजवादी पार्टी के महाराज सिंह धांगर को 1 लाख 34 हजार 708 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।



साल 2009 में बीजेपी ने जीत हासिल की
साल 2009 में की बात करें तो बीजेपी के रामशंकर कठेरिया ने 2 लाख 3 हजार 697 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी तो वहीं बीएसपी के कुंवर चंद वकील 1 लाख 93 हजार 982 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि सपा के रामजी लाल को 1 लाख 41 हजार 367 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे।



साल 2004 में सपा ने जीत का परचम लहराया
साल 2004 में समाजवादी पार्टी के राज बब्बर ने 2 लाख 43 हजार 94 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी तो वहीं बीजेपी के मुरारी लाल 1 लाख 85 हजार 752 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि बीएसपी के पंडित केशव प्रसाद दीक्षित को 1 लाख 74 हजार 149 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे।

 

 

Ruby