Loksabha Election 2024: एक नजर संभल लोकसभा सीट पर, जनता इस बार किस पर करेगी विश्वास ?

punjabkesari.in Monday, Apr 01, 2024 - 12:10 PM (IST)

Loksabha Election 2024: संभल लोकसभा सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। 1977 में अस्तित्व में आई ये सीट मुस्लिम बाहुल्य है और यहां से मुलायम सिंह यादव भी सांसद रह चुके हैं। मुरादाबाद और रामपुर से सटी ये सीट कई मायनों में महत्वपूर्ण है। इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में इस सीट पर पहली बार चौधरी चरण सिंह की पार्टी आरएलडी ने जीत दर्ज की। इसके बाद 1980 और 1984 के चुनाव में कांग्रेस ने इस सीट पर कब्जा जमाया। लेकिन अगले ही चुनाव 1989 और 1991 में ये सीट जनता दल के खाते में चले गई। 

वहीं 1996 के चुनाव में बाहुबली डीपी यादव ने बसपा के टिकट पर यहां परचम फहराया लेकिन 1998 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव यहां से सांसद बने। फिर अगले साल यानी कि 1999 में हुए लोकसभा चुनाव में दोबारा मुलायम सिंह यादव यहां से सांसद चुने गए। इसके बाद उनके भाई राम गोपाल यादव यहां से सांसद बने। 2009 में ये सीट दुबारा बसपा के खाते में चली गई। जबकि 2014 में मोदी लहर पर सवार बीजेपी ने इस सीट को अपने खाते में डाला और यहां से सत्यपाल सैनी सांसद बने। वहीं 2019 के चुनाव में ये सीट सपा के खाते में गई और यहां से शफीकुर्रहमान बर्क सांसद चुने गए।

इस लोकसभा सीट में कुल 5 विधानसभा सीटें हैं। जिनमें 2 मुरादाबाद की और 3 संभल जिले की सीटें हैं।  आइए दिखाते हैं कि किस जिले के अंतर्गत कौन सी विधानसभा सीटें आती हैं।

संभल लोकसभा क्षेत्र में कुल पांच विधानसभा सीटें  हैं। इनमें चंदौसी,असमोली, संभल, कुंदरकी और बिलारी विधान सभा सीटें है। 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में चंदौसी विधानसभा सीट पर ही बीजेपी जीत पाई थी। जबकि बाकी 4 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। 

एक नजर 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के आंकड़ों पर

2019 में हुए लोकसभा चुनाव में  संभल सीट पर  कुल वोटरों की संख्या 18 लाख 13 हज़ार 839 थी। जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 78 हजार 321 थी। जबकि महिला वोटरों की संख्या 8 लाख 35 हज़ार 392 थी। वहीं ट्रांस जेंडर वोटरों की संख्या 126 रही।

एक नजर 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

संभल लोकसभा सीट पर साल 2019 में हुए चुनाव पर नज़र डालें, तो इस सीट पर सपा के शफीकुर्रहमान बर्क ने जीत दर्ज की थी। शफीकुर्रहमान बर्क ने भाजपा के परमेश्वर लाल सैनी को लगभग 2 लाख वोटों के अधिक अंतर से हराया था। बर्क को कुल 6 लाख 58 हज़ार 6 वोट मिले थे। जबकि भाजपा के परमेश्वर लाल को 4 लाख 83 हजार 180 वोट मिले। वहीं तीसरे नंबर पर कांग्रेस के मेजर जगत पाल सिंह थे। जिनको 12 हज़ार 105 वोट मिले थे। 

एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव पर नजर डालें, तो इस सीट पर बीजेपी के सत्यपाल सैनी ने सपा के शफीक उर रहमान बर्क को हराया था। सत्यपाल सैनी को कुल 3 लाख 60 हज़ार 242 वोट मिले थे। जबकि सपा से शफीक उर रहमान बर्क को 3 लाख 55 हजार 68 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर बसपा उम्मीदवार अकील उर रहमान ख़ान  को 2 लाख 52 हजार 640 वोट मिले थे। 

लोकसभा चुनाव 2009 के नतीजे

2009 में रांभल लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में बसपा उम्मीदवार शफीक उर रहमान बर्क ने जीत दर्ज की थी। शफीक उर रहमान बर्क ने बसपा के टिकट से सपा उम्मीदवार इकबाल महमूद को हरा कर इस सीट पर कब्जा जमाया था। शफीक उर रहमान बर्क को 2009 के लोकसभा चुनाव में 2 लाख 7 हजार 422 वोट मिले थे। वहीं सपा उम्मीदवार इकबाल महमूद  को 1 लाख 93 हज़ार 958 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के चंद्र विजय को 1 लाख 29 हज़ार 228 वोट मिले थे।

लोकसभा चुनाव 2004 के नतीजे

2004 में संभल लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में समाजवादी पार्टी से उम्मीदवार राम गोपाल यादव ने जीत दर्ज की थी। राम गोपाल ने बसपा के तरन्नुम अकील को हरा कर इस सीट पर कब्जा जमाया था। राम गोपाल को 2004 के लोकसभा चुनाव में 3 लाख 57 हज़ार 49 वोट मिले थे। वहीं बसपा के तरन्नुम अकील  को 1 लाख 58 हज़ार 988 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर बाहुबली डीपी यादव रहे।डीपी यादव खुद की पार्टी राष्ट्रीय परिवर्तन दल बनाकर चुनाव लड़े थे। डीपी यादव को 1 लाख 37 हज़ार 273 वोट मिले थे।

Content Editor

Imran