UP में पेट्रोल-डीजल संकट की अफवाह से अफरा-तफरी! इस जिले में फ्यूल पंपों पर उमड़ी भीड़, ड्रम-कट्टी लेकर पहुंचे लोग, दिखीं लंबी कतारें...

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 06:24 PM (IST)

Hamirpur News : जनपद हमीरपुर में पेट्रोल-डीजल की कमी की चर्चाओं ने अचानक माहौल गर्म कर दिया है। किसी आधिकारिक घोषणा के बिना ही ईंधन संकट की खबर फैलते ही लोग पेट्रोल पंपों की ओर उमड़ पड़े। शुक्रवार सुबह से ही जिले के कई इलाकों में पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ अतिरिक्त ईंधन जमा करने की कोशिश करते नजर आए।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में ड्रम लेकर पंपों पर पहुंचे किसान 
हमीरपुर के अलावा सुमेरपुर, कुरारा, राठ, बिवांर और मुस्करा जैसे कस्बों में भी यही हाल रहा। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में ड्रम लेकर पंपों पर पहुंचे, जबकि कार चालकों ने गाड़ियों के साथ अतिरिक्त कैन और कंटेनर में भी ईंधन भरवाने की कोशिश की। बाइक सवार भी टंकी फुल कराने में जुटे रहे, जिससे कई पंपों पर भीड़ और अव्यवस्था का माहौल बन गया। 

यह भी पढ़ें : कौशांबी NH2 पर भीषण सड़क हादसा, 3 बच्चों समेत 8 की मौत की खबर, कई की मौके पर हुई दर्दनाक मौत

मुस्करा कस्बे में सभी पांच पंपों पर डीजल हुआ खत्म
मुस्करा कस्बे में स्थिति ज्यादा गंभीर नजर आई, जहां सभी पांच पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म होने की बात सामने आई। इससे परेशान किसान पास के राठ और बिवांर कस्बों की ओर रुख करने को मजबूर हुए। 

यह भी पढ़ें : LPG संकट के बीच Yogi सरकार अलर्ट! ईंधन का प्लान-B तैयार, ये होगा बड़ा विकल्प, जानिए इसके Rules और Quantity? 

जिला पूर्ति अधिकारी ब्रजेश कुमार शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि ईंधन केवल वाहनों की टंकियों में ही दिया जाए। ड्रम या अन्य कंटेनरों में ईंधन देने पर रोक लगाई गई है, ताकि जमाखोरी को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, जिससे अनावश्यक भीड़ और संकट की स्थिति से बचा जा सके।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static