व्यापारियों की तर्कसंगत समस्याओं के समाधान को तत्पर: योगी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2019 - 08:29 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि सरकार व्यापारियों की सभी तर्कसंगत समस्याओं का समाधान करने के लिए तत्पर है। योगी ने कहा, ‘‘राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सकारात्मक माहौल तैयार किया गया है, जिसके सुपरिणाम मिल रहे हैं।" 

मुख्यमंत्री ने यह विचार आज यहां लोक भवन में उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड की विगत जून माह की बैठक के सम्बन्ध में वाणिज्य कर विभाग द्वारा किए गए प्रस्तुतिकरण के अवलोकन के दौरान व्यक्त किए। योगी ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था भी करेगी। यदि व्यापारियों को कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अनावश्यक परेशान करता है, तो व्यापारीगण साक्ष्य के साथ अपनी शिकायत दर्ज कराएं, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्यापारी कल्याण बोर्ड का उद्देश्य ही व्यापारियों का कल्याण करना है। 

व्यापारियों से लूटपाट इत्यादि की घटनाओं के सम्बन्ध में योगी ने कहा कि बाजारों, दुकानों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि घटना घटित होने पर अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से विभिन्न समस्याओं का समाधान भी किया जा सकता है और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा भी दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान व्यापारी कल्याण बोर्ड के पदाधिकारियों को उत्तर प्रदेश के चारों क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यापारियों की समस्याओं को सुनते हुए, उनका समाधान करने का भी सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के सम्बन्ध में संबंधित जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक से मिलकर समाधान निकाला जाए। योगी ने बोर्ड के पदाधिकारियों को व्यापारियों को अपनी व्यापारिक गतिविधियां नियम-कानून के अनुसार संचालित करने के लिए प्रेरित करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जीएसटी व्यवस्था के अंतर्गत सभी औपचारिकताओं का अनुपालन व्यापारियों द्वारा किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने फेरी लगाने वालों के संबंध में कहा कि इनकी सुविधा के लिए भारत सरकार द्वारा एक फेरी नीति शीघ्र लागू की जाएगी। इस नीति के तहत पंजीकृत फेरी वाले लाभान्वित होंगे। बूढ़े होने पर इस नीति के तहत उनके लिए पेंशन की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को वर्ष 2024 तक ‘‘पांच ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी'' बनाने का संकल्प लिया है। ऐसे में प्रदेश के व्यापारियों को राज्य को ‘‘एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी'' बनाने का गम्भीर प्रयास करना चाहिए। 

गोवंश की सुरक्षा के लिए जन जागरूकता पैदा करे गो सेवा आयोग : योगी 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि गो सेवा आयोग गोवंश की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन हेतु जन जागरूकता पैदा करे और इसके लिए आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य जनपदों का भ्रमण कर कार्य करें। योगी ने कहा कि आयोग द्वारा यह देखा जाना चाहिए कि गो संरक्षण स्थलों यथा निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों, गोशालाओं आदि में गायों की उचित देखभाल की जा रही है। आयोग यह भी देखे कि गोवंश तस्करी एवं अवैध बूचड़खानों का संचालन न हो। गोवंश सहित पशुओं के प्रति होने वाली क्रूरता को भी रोका जाए। आयोग के पदाधिकारी इस हेतु प्रशासन और सामाजिक संगठनों का सहयोग लेकर कार्य करें। 

Ajay kumar