पाकिस्तान से चलाते थे लॉटरी ठग का खेल, ATS ​ ​ने गाज़ियाबाद से ​किया ​2 युवकों को गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Nov 26, 2019 - 01:10 PM (IST)

गाजियाबादः ठगी के मामले में ​​एटीएस को बड़ी सफलता मिली है। लॉटरी के नाम पर पाकिस्तान से चल बड़ी ठगी का पर्दाफाश किया है। वहीं दो लोगों को गाज़ियाबाद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवकों का नाम जय प्रकाश धीरूद्यीन चौधरी बताया गया है। इनके पास से 32 एटीएम कार्ड, पांच बैंकों की पासबुक, तीन बैंकों की चेकबुक बरामद की है।

बता दें कि पाकिस्तान में बैठे जालसाज भारत में लोगों को सोशल मीडिया के जरिए लॉटरी की बड़ी रकम या गाड़ी निकलने का झांसा देते थे। जो लोग उनकी जाल में फँस जाते थे उन्हें विभिन्न ख़र्चों के नाम पर भारतीय खातों में पैसे जमा कराते थे। जिन खातों में पैसे जमा कराए जाते थे उसकी व्यवस्था जय प्रकाश और धीरुद्यीन करते थे। इन दोनों के खिलाफ एटीएस थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

एटीएस के एडीजी डीके ठाकुर ने बताया कि बाद में पाकिस्तानी हैंडलर के कहने पर ठगी के पैसों को दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। इन पैसों का टेरर फंडिंग में भी इस्तेमाल होने का शक है। उन्होंने आगे बताया कि यह दोनों पाकिस्तान के हैंडलर मामू, नजीर और असगर के लगातार संपर्क में थे। इसके अलावा 7 अन्य पाकिस्तानी हैंडलर भी इनके संपर्क में थे। शुरुआती पड़ताल में 12 खातों के बारे में जानकारी हुई है, जिनसे 20 लाख रुपये पाकिस्तान भेजे जाने की पुष्टि हुई है। 

उन्होंने यह भी बताया कि किस खाते में कितने पैसे भेजे गए और यह खाते किन लोगों के नाम थे। यह भी चेक किया जा रहा है। इस मामले में पीड़ितों तक पहुंचने की भी कोशिश की जा रही है। इन दोनों के खिलाफ एटीएस थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

Ajay kumar