प्रेमी निकला सुहिला का हत्यारा, गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Dec 31, 2017 - 06:41 PM (IST)

सहारनपुर: 24 दिसम्बर को छज्जपुरा में अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसकी पहचान सुहिला के रूप में हुई थी। पुलिस ने सुहिला के हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। सुहिला का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका प्रेमी निकला। पुलिस ने हत्यारे को जेल भेज दिया है जबकि दूसरा हत्यारा अभी फरार है। 

पुलिस लाइन के मीटिंग हाल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एस.एस.पी. बबलू कुमार ने बताया कि 24 दिसम्बर को ग्राम छज्जपुरा में नाले से मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान 26 दिसम्बर को हुई थी। यह महिला जन्नत कालोनी हबीबगढ़ की रहने वाली थी, जिसकी मौत किसी रंजिश में नहीं हुई थी बल्कि उसको उसके ही प्रेमी ने गला दबाकर मारा था और शव को नाले में फैंक दिया था। आज जनकपुरी पुलिस ने छज्जपुरा तिराहा देहरादून रोड से दिलशाद पुत्र याकूब निवासी छज्जपुरा को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा हत्यारा नौशाद पुत्र याकूब निवासी छज्जपुरा अभी फरार है। दिलशाद और नौशाद दोनों भाई हैं। इनके पास से मृतका का आधार कार्ड, 3 फोटो और एक जोड़ी सैंडल मिले हैं। 

पूछताछ में अभियुक्त दिलशाद ने बताया कि वह कुछ दिन पहले सुहिला को भगा ले गया था। इसके बाद दोनों ग्राम छचरौली यमुनानगर में रहने लगे। इस बीच झगड़ा हो गया। 17 दिसम्बर को सुहिला को गांव लेकर आया तो परिजनों ने घर में घुसने से मना कर दिया। इसके बाद सुहिला को बाग में बने एक कमरे में ले गया जहां भाई नौशाद से बात की। भाई ने भी दिलशाद को मना कर दिया। इसके बाद दिलशाद और नौशाद ने मिलकर सोते समय सुहिला का मुंह दबा दिया। इससे वह बेहोश हो गई। सांसें चल रही थीं। इसके बाद मुंह में पॉलीथीन ठुंसकर दुपट्टे से बांधकर नाले में फैंक दिया। हत्या करने के बाद वह दिल्ली चला गया। आज दिल्ली से लौटते समय पुलिस ने पकड़ लिया। एस.एस.पी. ने बताया कि सुहिला की हत्या डूबने से हुई थी। पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि की। मृतका की उम्र करीब 30 साल है।