बुलंदशहर में पॉलिटेक्निक हॉस्टल में ब्लास्ट, 10 इंजीनियरिंग छात्र गंभीर रूप से झुलसे

punjabkesari.in Monday, Mar 07, 2022 - 01:41 PM (IST)

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र में सोमवार को रसोई गैस का सिलेंडर फटने से दस इंजीनियरिंग छात्र गंभीर रूप से झुलस गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक के हॉस्टल की रसोई में आज सुबह यह हादसा उस समय हुआ जब रसोईया गैस के सिलेंडर पर खाना बना बना रहा था। उस समय कई छात्र वहां मौजूद थे कि अचानक गैस के सिलेंडर में आग लग गई और वह जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज आसपास के क्षेत्र में भी सुनी गई। धमाके से रसोई की दीवार और छत से गिरे मलबे से 10 छात्र घायल हो गए।      

उन्होंने बताया कि घायलों को राजकीय चिकित्सालय अलीगढ़ में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। छात्रों के घायल होने की सूचना पर जिला मजिस्ट्रेट चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि 10 छात्र घायल हुए हैं जिन को इलाज के लिए अलीगढ़ के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अलीगढ़ के सीएमओ को घायल छात्रों के इलाज की समुचित और बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।

Content Writer

Mamta Yadav