लखनऊ में हालात बेकाबू, ADG लॉ एंड ऑर्डर बोले- 50 उपद्रवियों को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Dec 19, 2019 - 04:49 PM (IST)

लखनऊः राजधानी लखनऊ में बेहद तनावपूर्ण माहौल है। सीएए के विरोध में जमकर पत्थरबाजी, आगजनी हो रही हैं। हालात बेकाबू हैं। पुलिस भी हालात पर नियंत्रण करने में असफल है। आलम ये है कि उपद्रवियों ने पुलिस चौकिया तक फूंक दी हैं। इस पर बारे में जानकारी देते हुए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पीवी रामा शास्त्री ने बताया कि 50 लोग गिरफ्तार कर लिए गए हैं। हालातों पर काबू करने की कोशिश की जा रही हैं।

बता दें कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और हालात पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान उग्र प्रदर्शनकारियों ने मधेगंज पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। भीड़ ने यहां जमकर तोड़फोड़ की और यहां खड़ी कई गाड़ियों को फूंक डाला। जिसके बाद लखनऊ के हालात बेकाबू हो गए हैं। वहां भारी पुलिस फोर्स तैनात है।

इस बारे में लखनऊ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कलानिधि नैथानी ने कहा कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। गलियों से जो भीड़ आ रही थी, उन्हें वापस गलियों में खदेड़ दिया है। साथ ही अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उधर प्रदर्शनकारियों ने हजरतगंज बाजार में जमकर प्रदर्शन भी किया। इस दौरान बेगम हजरत महल पार्क से लेकर हजरतगंज तक कई जगह पथराव किया गया।

 

Tamanna Bhardwaj