Lucknow में सिलेंडर कांड: SP नेता के रिसॉर्ट में छिपाए थे 88 सिलेंडर, पत्नी चलाती हैं गैस एजेंसी, पुलिस ने दर्ज की FIR
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 03:22 PM (IST)
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में जब आम जनता रसोई गैस के लिए दर-दर भटक रही है, तब रसूखदारों के यहां सिलेंडरों का अवैध स्टॉक जमा किया जा रहा है। जिला प्रशासन की टीम ने शनिवार को मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट पर छापेमारी कर कालाबाजारी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। यह रिसॉर्ट समाजवादी पार्टी के नेता सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया का है।
गोदाम छोड़कर रिसॉर्ट में मिले सिलेंडर
डीएसओ विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में रिसॉर्ट परिसर से कुल 88 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। हैरानी की बात यह है कि सपा नेता की पत्नी मंजू कनौजिया के नाम पर असीम भारत गैस एजेंसी है, जिसका गोदाम रिसॉर्ट से महज 1.5 किमी दूर है। नियमों के मुताबिक सिलेंडरों को सुरक्षित गोदाम में होना चाहिए था, लेकिन उन्हें अवैध रूप से रिसॉर्ट में छिपाकर रखा गया था।
बरामदगी का विवरण:-
- 14.2 किलो वाले 65 खाली सिलेंडर।
- 14.2 किलो वाले 9 भरे हुए सिलेंडर।
- 5 किलो वाले 14 'छोटू' खाली सिलेंडर।
- एक बोलेरो मैक्सी ट्रक (UP32QN-5729) जिसमें सिलेंडर लदे हुए थे।
शिकंजे में सपा नेता और 5 अन्य पर FIR
प्रशासन की टीम ने जब मौके पर मौजूद लोगों से कागजात मांगे, तो वे न तो एजेंसी का रिकॉर्ड दिखा सके और न ही गाड़ी के दस्तावेज। इसके बाद काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) की धारा 3/7 के तहत सपा नेता सोनू कनौजिया, उनकी पत्नी मंजू कनौजिया, मैनेजर मुन्ना, जमील अहमद और साहिल सहित 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
विवादों से पुराना नाता
सोनू कनौजिया मलिहाबाद विधानसभा से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। सिलेंडरों की कालाबाजारी के अलावा उन पर एलडीए (LDA) की अधिग्रहित जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और रिसॉर्ट चलाने के भी आरोप हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि यह गैस एजेंसी हाल ही में करीब 80 लाख रुपए में खरीदी गई थी।

