लखनऊ दिल्ली नेशनल हाईवे हादसाः मीरगंज फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ खाई में गिरी कार, 2 की मौत 3 की हालत गंभीर

punjabkesari.in Saturday, Aug 20, 2022 - 10:56 AM (IST)

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। जिसमें बरेली से दिल्ली जा रही एक कार फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ कर 30 फुट गहरी खाई में गिर गई है। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खाई में गिरी हुई कार को बाहर निकाला और मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बता दें कि यह हादसा लखनऊ दिल्ली नेशनल हाईवे पर हुआ। यहां पर शुक्रवार की रात बरेली से दिल्ली जा रही एक एसेंट कार मीरगंज फ्लाईओवर के पास अनियंत्रित हो गई। जिसके चलते कार फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ 30 फुट नीचे खाई में जा गिर गई। यह हादसा इतना भयानक था कि पूरी कार ध्वस्त हो गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही मौके पर मीरगंज सीओ राजकुमार मिश्र, एसएचओ सतीश कुमार यादव, चौकी इंचार्ज अनिल कुमार सहित पुलिस फोर्स पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने जेसीबी से कार में फंसे लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला।

पुलिस ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए अस्पताल भेजा। यहां उपचार के दौरान सलीम (40) पुत्र सैफतुल्ला व आमिर (28) पुत्र बब्बन की मृत्यु हो गई।जबकि अन्य तीन लोगों का उपचार चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है।एसएचओ सतीश कुमार यादव ने बताया की घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के मुताबिक मृतक लखीमपुर खीरी के निवासी है। जो कार खरीदने दिल्ली जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static