डिजिटल हुआ Lucknow Metro! इस तारीख से QR टिकटिंग सुविधा शुरू, घर बैठे ऐप से बुक करें मेट्रो का Ticket ..... लाइन में लगने का झंझट खत्म
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 07:24 PM (IST)
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लखनऊ मेट्रो ने सोमवार को क्यूआर-आधारित टिकट प्रणाली की शुरुआत की, जिन्हें कहीं से भी बुक करके मेट्रो यात्रा को आसान बनाया जा सकता है। क्यूआर-आधारित टिकट प्रणाली का औपचारिक उद्घाटन हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने किया। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस नयी प्रणाली के तहत, यात्री आधिकारिक लखनऊ मेट्रो मोबाइल एप्लिकेशन - लखनऊ मेट्रो ऑफिशियल (प्ले स्टोर और आईओएस स्टोर पर उपलब्ध), टिकट वेंडिंग मशीनों (टीवीएम) और टिकट काउंटरों के माध्यम से आसानी से क्यूआर टिकट बुक कर सकते हैं।
बयान में कहा गया है कि आधिकारिक मोबाइल ऐप के माध्यम से बुक किए गए टिकट यात्री के मोबाइल फोन पर डिजिटल क्यूआर प्रारूप में उपलब्ध होंगे, जबकि पेपर-आधारित क्यूआर टिकट टिकट काउंटरों और निर्दिष्ट टिकट वेंडिंग मशीनों से प्राप्त किए जा सकते हैं। क्यूआर टिकट वाले यात्री पीले रंग की पट्टियों से चिह्नित स्वचालित किराया संग्रह (एएफसी) गेटों पर क्यूआर कोड को स्कैन करके मेट्रो स्टेशनों में प्रवेश और निकास कर सकते हैं। मेट्रो प्रशासन ने सभी मेट्रो स्टेशनों पर क्यूआर-कोड समर्थित नई टिकट वेंडिंग मशीनें (टीवीएम) स्थापित की हैं। बयान में कहा गया है कि यात्रियों की सुगमता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक स्टेशन पर कम से कम एक क्यूआर-कोड समर्थित टीवीएम और एक क्यूआर-कोड समर्थित टिकट काउंटर उपलब्ध कराया गया है।
क्यूआर समर्थित टिकट वेंडिंग मशीनों में यूपीआई भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। अन्य टिकट वेंडिंग मशीनें पहले की तरह टोकन आधारित यात्रा सुविधाएँ प्रदान करती रहेंगी। इस अवसर पर सुशील कुमार ने अपने संबोधन में कहा, "क्यूआर आधारित टिकटिंग प्रणाली की शुरुआत लखनऊ मेट्रो के सफर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह उन्नत प्रणाली 'स्मार्ट ट्रैवल' की अवधारणा पर आधारित है, जिसके तहत यात्री अब कहीं से भी टिकट बुक कर सकते हैं और तेज, सरल और अधिक सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।" उन्होंने कहा, "यह पहल 'डिजिटल इंडिया' की परिकल्पना के अनुरूप भी है, जहां सेवाएं केवल 'एक टैप दूर' हैं और डिजिटल प्लेटफॉर्म आम जनता के लिए सुविधा को और भी सुलभ बना रहे हैं।"
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक ने कहा, "'एक राष्ट्र, एक कार्ड' की परिकल्पना के अनुरूप, कानपुर और आगरा में अपनाए गए मॉडल के बाद, अगले चरण में लखनऊ में राष्ट्रीय साझा गतिशीलता कार्ड (एनसीएमसी) सुविधा शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को देश के उन सभी मेट्रो प्रणालियों में निर्बाध रूप से यात्रा करने में सुविधा मिलेगी जहां एनसीएमसी सुविधा उपलब्ध है।"

