Lucknow News: रेलवे कॉलोनी में हादसे के बाद जागा प्रशासन, जर्जर मकानों को कराया खाली, चलेगा बुलडोजर
punjabkesari.in Monday, Sep 18, 2023 - 03:01 PM (IST)

Lucknow News, (अश्वनी कुमार सिंह): राजधानी लखनऊ में बीते दिन रेलवे कॉलोनी में छत गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन की नीद खुली और अब वहां रहने वाले लोगों को कॉलोनी खाली करने का निर्देश दिया गया। निर्देश के बाद लोग घरों को खाली करके जाने लगे हैं। तो कई अभी भी वहां पर डर के साए में जी रहे हैं।
बता दें कि लंबे समय तक यह लोग इन टूटे-फूटे मकान में अपना जीवन यापन करते आ रहे हैं। प्रशासन ने घर तो खाली करने का निर्देश तो दे दिया लेकिन ये लोग जाएं तो आखिर जाएं कहां। गौरतलब है कि लखनऊ में शनिवार सुबह आलमबाग में पुरानी रेलवे कॉलोनी में एक मकान गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और 3 बच्चे शाहिल थे। हादसे का पता उस वक्त चला, जब सुबह मृतक के बेटे को उसका दोस्त बुलाने पहुंचा। उसने घर दरवाजा खटखटाया। मगर, कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। इसके बाद उसने खिड़की से झांक कर देखा, तो मकान की छत गिरी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, खाना खाने के बाद परिवार घर में सो रहा था। रात में करीब 3.30 और 4 बजे के बीच हादसा हुआ। मगर, घटना के बारे में लोगों को सुबह 6-7 बजे के करीब पता चला। मृतकों की शिनाख्त सतीश चंद्र (40) सलोनी देवी (35) हर्षित (13) हर्षिता (10) अंश (5) के रूप में हुई है।