रक्षाबंधन से पहले आधी रात FSDA का बड़ा छापा: 13.5 लाख के मिलावटी माल के साथ 3 गाड़ियां सीज

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 06:57 AM (IST)

Lucknow News: त्योहारों का मौसम आते ही बाजारों में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, और इसी के साथ सक्रिय हो जाता है मिलावटखोरों का सिंडिकेट। लेकिन इस बार रक्षाबंधन पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की मंशा रखने वालों पर प्रशासन का शिकंजा कस गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर मिलावटी खाद्य पदार्थों की एक बड़ी खेप पकड़ी है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान एक्सप्रेसवे पर अलग-अलग जिलों से आ रही 3 संदिग्ध गाड़ियों UP83DT1719, UP75DT0922 और UP86AT8529 को रोका गया। जब ड्राइवरों से लदे माल के कागजात और स्रोत के बारे में पूछताछ की गई, तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। गड़बड़ी का अंदेशा होते ही टीम ने रात में ही तीनों वाहनों को जब्त कर पारा थाने में खड़ा करवा दिया। अगली सुबह सहायक आयुक्त (खाद्य)-II विजय प्रताप सिंह की अगुवाई में टीम ने पारा थाने पहुंचकर वाहनों की सघन तलाशी ली। चेकिंग के दौरान गाड़ियों से मिलावट के अंदेशे वाली सामग्री बरामद हुई:-

- हाथरस की फर्म से 50 कार्टन आम पापड़ और करीब 4.80 लाख रुपए के क्रीम कोन।
- आगरा की फर्म से 1.80 लाख रुपए का पिसा बेर चूरन और इमली चटनी।
- ग्वालियर की फर्म से  करीब 10.41 लाख रुपए का खाद्य तिल और मूंगफली का तेल।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही तेल, चूरन, आम पापड़ और क्रीम कोन के 10 अलग-अलग सैंपल लिए। इसके बाद कुल 13,45,627 रुपए मूल्य की पूरी खेप को ऐशबाग स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज में सीज करवा दिया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जब तक प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक इस माल की बिक्री या इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक रहेगी।

इसी अभियान की कड़ी में दुबग्गा इलाके से भी खोया ले जा रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोका गया। मौके पर ही फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स से खोया की शुरुआती जांच की गई। प्राथमिक जांच में तात्कालिक तौर पर गंभीर मिलावट की पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद टीम ने सुरक्षित प्रक्रिया अपनाते हुए खोया के 4 नमूने सील किए और गाड़ी को जाने दिया।

सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने दो टूक कहा कि सभी एकत्रित सैंपलों को राज्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आते ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) 2006 के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन तक शहर के हर एंट्री पॉइंट और मुख्य बाजारों में यह चेकिंग अभियान इसी तरह लगातार जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

static