राहुल के पहले लगी प्रियंका की फोटो बनी चर्चा का विषय

punjabkesari.in Sunday, Jul 17, 2016 - 05:32 PM (IST)

लखनऊ: सावन की रिमझिम फुहारों के बीच उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की नैया पार लगाने के लिए आए नेताओं के स्वागत में लगे होर्डिंग्स में पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के पहले बने प्रियंका गांधी के फोटो चर्चा का विषय बने रहे। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, मुख्यमंत्री के लिए कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित, संजय सिंह और प्रमोद तिवारी नई जिम्मेदारियों के साथ पहली बार लखनऊ आए हैं। पार्टी के प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद हालांकि यहां नहीं आए हैं। नेताओं के स्वागत में शहर को झंड़े बैनर और होर्डिंग्स से पाट दिया गया है।

पार्टी में कोई पद नहीं होने के बावजूद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के पहले कुछ होर्डिंग्स में उनकी बहन प्रियंका गांधी की फोटो पर लोग अपने-अपने ढंग से रायशुमारी कर रहे हैं। लखनऊ शहर के व्यस्ततम चौराहों में से एक हजरतगंज पर लगी होर्डिंग्स में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बाद प्रियंका की फोटो बनी हुई है। उसके बाद राहुल गांधी और अन्य लोगों की फोटो है। इसी तरह हुसैनगंज चौराहे, कांग्रेस कार्यालय के पास माल एवेन्यू तथा कुछ अन्य स्थानों की होर्डिंग्स में प्रियंका गांधी को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

अभी तक केवल रायबरेली और अमेठी में चुनाव प्रचार की कमान संभालने वाली प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में आने की मांग अब बढ़ती जा रही है। खासतौर पर लखनऊ और इलाहाबाद में इस सम्बन्ध में बैनर लगते रहते हैं। हाल ही में दिल्ली में गुलाम नबी आजाद से उनकी भेंट के तत्काल बाद मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में शीला दीक्षित की हुई घोषणा से उनके सक्रिय राजनीति में आने की मांग कर रहे लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

प्रियंका को आगे करने की मांग करने वाले कांग्रेस कार्यकर्त्ता श्रीश दुबे ने कहा कि लगता है कि अब उनकी मांग पूरी होने वाली है। प्रियंका गांधी का राजनीतिक कद बढने वाला है। उनकी सोच और काम करने का ढंग कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में नई जान फूंक सकती है। दूसरी ओर, अमौसी हवाई अड्डे से कांग्रेस कार्यालय माल एवन्यू तक के रास्ते पर अर्से बाद कांग्रेसियों की इस कदर चहलकदमी देखी गई। सुबह से ही पार्टी में मिली नई जिम्मेदारियों के साथ आए नेताओं राजबब्बर, शीला दीक्षित, गुलाम नबी आजाद, संजय सिंह और प्रमोद तिवारी का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर लोग जुटने शुरू हो गए थे।

हवाई अड्डे से कांग्रेस के कार्यालय माल एवन्यू तक करीब 14 किलोमीटर के रास्ते में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के साथ लगे इन नेताओं के होर्डिंग्स और बैनर लगाये गए थे। गर्मजोशी से हुए स्वागत से अभिभूत इन नेताओं ने दावा कि इस बार कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। इन नेताओं की यहां पहुंचने पर उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया गया। रोड शो के लिए खुली जीप पर सवार राजबब्बर की सुरक्षा में निजी सुरक्षाकर्मी लगाए गए थे। कार्यकर्त्ता राजबब्बर के नजदीक पहुंचना चाहते थे।