लखनऊ नहीं, अब बेंगलुरू में होगा एयरो इंडिया शो

punjabkesari.in Saturday, Sep 08, 2018 - 05:47 PM (IST)

लखनऊः रक्षा मंत्रालय ने प्रतिष्ठित‘एयरो इंडिया’शो के आयोजन स्थल को बदले जाने को लेकर चल रही अटकलों पर शनिवार को यह कहते हुए विराम लगा दिया कि यह शो हर बार की तरह कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में ही होगा।  

रक्षा मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि एयरो इंडिया 2019 अगले साल फरवरी में 20 से 24 फरवरी तक बेंगलुरू में होगा।  उल्लेखनीय है कि पिछले महीने से इस तरह की अटकलें जोर पकड़ रही थी कि अगला एयरो इंडिया शो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होगा। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में रक्षा औद्योगिक गलियारे के उद्घाटन के मौके पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से एयरो इंडिया लखनऊ में आयोजित करने का अनुरोध कर इन खबरों को हवा दे दी थी। उस समय रक्षा मंत्री के इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं करने से भी इन खबरों को बल मिला था।

योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा था कि उत्तर प्रदेश इस आयोजन के लिए जरूरी सुविधाएं जुटाने में पूरा जोर लगायेगा। सीतारमण ने कुछ समय पहले इस बारे में सवाल पूछे जाने पर स्पष्ट उत्तर नहीं दिया था। उन्होंने कहा था कि अभी एयरो इंडिया के आयोजन स्थल के बारे में निर्णय नहीं लिया गया है। कई राज्यों से इसके आयोजन के प्रस्ताव आते हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल का निर्णय होते ही इसकी जानकारी दे दी जायेगी।  

एयरो इंडिया का आयोजन वर्ष 1996 में शुरू हुआ था और इसके बाद से हर दो साल में इसका आयोजन लगातार बेंगलुरू में ही होता रहा है। इस शो में विमानन क्षेत्र की सभी प्रमुख कंपनियां हिस्सा लेती हैं। 

Ruby