लखनऊ: होटल से निकल रही महिला को गोलियों से भूना, CCTV में कैद हुई वारदात

punjabkesari.in Monday, May 08, 2017 - 09:26 AM (IST)

लखनऊः यूपी की राजधानी लखनऊ में एक महिला को सरेआम सड़क पर गोलियों से भून दिया गया। बेलगाम अपराधियों ने महिला पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई और उसे लहूलुहान कर दिया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं इस वारदात में एक सिक्योरिटी गार्ड भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामला लखनऊ के कृष्णा नगर के स्काई हिल्टन का है, जहां रात करीब 9 बजे हमलावरों ने 32 साल की मोनिका पर हमला बोल दिया। मोनिका होटल में डिनर कर लौट रही थी। होटल से निकलकर जैसे ही वो अपनी कार में बैठी सड़क की दूसरी ओर से दो नकाबपोश अपराधी उसकी कार के पास आए और उसपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। महिला के गले पर गोली लगी। गोली की आवाज सुनकर जब होटल का सिक्योरिटी गार्ड उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा अपराधियों ने उसे भी गोली मारी, जो उसके दाएं हाथ पर जाकर लगी।

महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला ने अपने बयान में इस हमले के पीछे अपने पति का हाथ बताया है, जिससे वो अलग हो चुकी है। पुलिस जानकारी के मुताबिक मोनिका लखनऊ के जाने-माने बिजनेसमैन की पत्नी है, जो अपने पति से अलग रहती है। मोनिका ने अपने ऊपर हुए इस हमले के पीछे अपने पति का हाथ बताया है। पुलिस सीसीटीवी के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।