सपा की पहली लिस्ट में M-Y को 42 टिकट, बाकी 117 में गैर यादव OBC पर ज्यादा फोक्स
punjabkesari.in Monday, Jan 24, 2022 - 08:07 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये सोमवार को अपने 159 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। उम्मीदवारों की सूची में मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रामपुर सीट से मोहम्मद आजम खां तथा स्वार विधानसभा क्षेत्र से आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम खां का नाम भी शामिल है।
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) January 24, 2022
भाजपा छोड़कर सपा में आए स्वामी प्रसाद मौर्या के बेटे उत्कृष्ट मौर्या को टिकट नहीं दिया गया है। वह ऊंचाहार सीट से टिकट मांग रहे थे। उनकी जगह सपा ने ऊंचाहार से मनोज पांडेय को मैदान में उतारा है। सपा के 159 नामों की लिस्ट में 'M-Y' यानी मुस्लिम और यादवों के समीकरण को साधने का पूरा प्रयास किया गया है। पार्टी ने सूची में 30 मुस्लिमों और 12 यादवों को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी का फोकस गैर यादव ओबीसी पर ज्यादा नजर आ रहा है।
सपा की सूची में शामिल अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में इटावा की जसवंतनगर सीट से शिवपाल सिंह यादव, कैराना से नाहिद हसन, बरेली कैंट से सुप्रिया एरन, सहारनपुर जिले की नकुड़ सीट से डा धर्म सिंह सैनी के नाम प्रमुख हैं। सुप्रिया एरन ने हाल ही कांग्रेस छोड़ कर सपा की सदस्यता ग्रहण की है जबकि भाजपा छोड़ कर साइकिल की सवारी करने वाले डा धर्म सिंह सैनी को भी टिकट दिया गया है।