पारिवारिक कलह में मां ने किया मासूम बेटी का कत्ल

punjabkesari.in Sunday, Jul 14, 2019 - 04:24 PM (IST)

गोरखपुर: जिले में कलियुगी मां की शर्मनाक करतूत उजागर हुई है। दरअसल मां पर अपनी चार साल की मासूम बच्ची की हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि मां ने ही अपनी चार साल की मासूम बच्ची का गला दबाया है। जिससे दम घुटने से मासूम बच्ची की मौत हुई है। 

हैरान करने वाली बात ये है कि पति से झगड़े का गुस्सा मां ने अपने दुधमुंही बच्ची पर उतारा है। वहीं पति की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया है। साथ ही मृतक बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। 

मामला चौरीचौरा थाना के जंगल महादेव का है। जहां जितेन्द्र निषाद अपने पिता की जगह मृतक आश्रित पर बिजली विभाग में नौकरी करता है। वहीं जितेन्द्र के तीन और भाई उसके साथ रहते हैं। ऐसे में जितेन्द्र का कहना है कि अक्सर उसकी पत्नी उस पर भाईयों से अलग होने का दबाव बनाती थी। साथ ही उसकी पूरी सैलेरी को उसे देने को कहती थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी में आये दिन झगड़ा हुआ करता था। वहीं दो दिन पहले पति से हुये झगड़े को लेकर गुस्से में पत्नी ने अपनी चार साल की मासूम बच्ची का गला दबाकर कत्ल किया है। 

पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया है। साथ ही पूरे मामले की पड़ताल में जुट गयी है। इस पूरे प्रकरण पर एसपी नॉर्थ अरविंद पाण्डेय का कहना है कि पारिवारिक कलह में एक मां ने अपनी बच्ची का गला दबाकर हत्या किये जाने की बात प्रकाश में आई है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। वहीं इलाके में मां द्वारा मासूम बच्ची की हत्या की घटना सुर्खियों में है। 

Ajay kumar