प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद की 6.60 करोड़ रुपए की संपत्ति हुई कुर्क

punjabkesari.in Friday, Nov 25, 2022 - 06:23 PM (IST)

प्रयागराजः पूर्व सांसद और कथित माफिया अतीक अहमद की अपराध जगत से अर्जित संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई के तहत शुक्रवार को कसारी मसारी में 0.1320 हेक्टेयर भूमि जिला प्रशासन ने कुर्क की जिसकी अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ 60 लाख रुपए है। पुलिस अधीक्षक  संतोष कुमार मीणा ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के 21 नवंबर के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को माफिया और आईएस-227 गिरोह के सरगना अतीक अहमद की छह करोड़ 60 लाख रुपए मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क की गई।

अतीक की अन्य संपत्तियों का भी लगाया जा रहा है पता
संतोष कुमार ने आगे  बताया कि अतीक अहमद द्वारा अपराध जगत से अर्जित संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को कसारी मसारी में अतीक की 0.1320 हेक्टेयर जमीन कुर्क की गई। अतीक की अन्य संपत्तियों का भी पता लगाया जा रहा है। इससे पूर्व, बुधवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई के तहत अतीक अहमद की अपराध जगत से अर्जित धन से उसके दिवंगत पिता हाजी फिरोज और चाचा उस्मान अहमद के नाम पर खरीदी गई 123 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की अचल संपत्ति को कुर्क किया गया था।

अतीक अहमद के खिलाफ 100 के करीब मुकदमे दर्ज 
बता दें कि अतीक अहमद प्रयागराज की शहर पश्चिमी सीट से लगातार पांच बार विधायक रहा है और इसने समाजवादी पार्टी के टिकट से 2004 में फूलपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। वर्तमान में गुजरात की अहमदाबाद जेल में निरुद्ध अतीक अहमद के खिलाफ प्रयागराज के धूमनगंज थाना में 100 के करीब मुकदमे दर्ज हैं। 

Content Editor

Harman Kaur