कुंभ 2019 में 5 दलित महिलाएं बनेंगी महामंडलेश्वरः नरेंद्र गिरि

punjabkesari.in Friday, Jun 22, 2018 - 01:42 PM (IST)

इलाहाबाद: संगम नगरी इलाहाबाद में होने वाले अर्धकुंभ मेले में पहली बार 5 दलित महिलाओं को महामंडलेश्वर बनाया जाएगा। यह बातें अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि महाराज ने बताई। उन्होंने कहा लोगों का धर्म के प्रति रुझान बढ़ रहा है। महिला संतों को उनकी योग्यता के अनुसार जिम्मेदारियां दी जाएंगी। 

इसके अलावा 221 दलित महिलाएं और 300 दलित पुरुष संन्यास लेकर जूना अखाड़े में शामिल होंगे। ऐसा पहली बार होगा जब एक साथ इतनी बड़ी संख्या में दलित महिलाओं को संत बनाया जाएगा। बता दें कि महामंडलेश्वर अखाड़ा परंपरा का सबसे ऊंचा पद होता है। 

इस संबंध में गिरि का कहना है कि अखाड़े में देशभर से करीब 75 लाख सदस्य शामिल हैं। कुंभ के दौरान 221 दलित महिलाएं भी संन्यास लेकर इसमें शामिल हो जाएंगी। इनमें से 5 को महामंडलेश्वर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजतिलक समारोह में सदस्य वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सिर मुंडवाकर अखाड़ा प्रमुख से दीक्षा स्वीकार करेंगे। इसके बाद संन्यासी अपना-अपना पिंड दान करेंगे। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही एक दलित संत को महामंडलेश्वर के लिए नियुक्त किया गया है। 

Ruby