कृपया ध्यान दें, नोएडा महामाया फ्लाईओवर आज रात से वाहनों के लिए बंद

punjabkesari.in Friday, Sep 29, 2017 - 06:08 PM (IST)

नोएडा: उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्ध नगर को दिल्ली के रास्ते फरीदाबाद से जुडऩे वाला महामाया फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य चलने के कारण आज रात 10 बजे से वाहनों के लिए बंद कर दिया जायेगा।

इस आशय की जानकारी नोएडा पुलिस द्वारा एक विज्ञप्ति के माध्यम से जारी की गई है। महामाया फ्लाईओवर  के बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यातायात पुलिस के अनुसार नोएडा को दिल्ली के सरिता विहार के रास्ते फरीदाबाद से जुडऩे वाले महामाया फ्लाईओवर पर मरम्मत का कार्य शुरु किया जा रहा है इसके कारण इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

पुलिस ने सरिता विहार और दिल्ली के रास्ते फरीदाबाद को जाने वाले वाहन चालकों को डीएनडी रोड और चिल्ला बॉर्डर मार्ग का प्रयोग करने को कहा है ताकि वह अपने गंतव्य तक पहुंचे सकेंगे। महामाया फ्लाईओवर मार्ग बंद होने के कारण जनपद गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से फरीदाबाद जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि मेट्रो निर्माण कार्य के चलते इन दिनों दिल्ली के आश्रम चौक, सराय काले खां और निजामुद्दीन मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है।