Sitapur News: तंत्र-मंत्र के चक्कर में हुई महंत की हत्या, महिला और उसके बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Apr 01, 2024 - 02:28 AM (IST)

Sitapur News: उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थाना मिश्रिख क्षेत्र अंतर्गत होली परिक्रमा में शामिल होने आए हरदोई जिले के महंत की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी महिला एवं उसके पुत्र को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

सोनू ने बैट्री रिक्शा पर शव को लादकर लगाया ठिकाने
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीन रंजन ने इस संबंध में रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि मिश्रिख होली परिक्रमा मेले में गिरधरपुर उमरारी जिला हरदोई के मनीराम महंत परिक्रमा करने आए थे। यह तंत्र मंत्र एवं झाड़ फूंक का भी काम करते थे। महंत, गंगा देवी पत्नी स्वर्गीय छंगालाल निवासी ग्राम फूलपुर के वहां होली पंचकोशी परिक्रमा करने के बाद विश्राम के लिए गए थे जहां पर उनकी बांका एवं हसिया से गंगा देवी ने हत्या कर दी और उसके लड़के सोनू ने बैट्री रिक्शा पर शव को लादकर रूपपुर पुलिया के पास फेंक दिया था। फिलहाल दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

तंत्र-मंत्र के शक में महंत की हत्या
उन्होंने आगे बताया कि महंत और आरोपी महिला पहले से एक-दूसरे को जानते थे। महंत तंत्र मंत्र का काम भी करते थे। आरोपी गंगादेई को आशंका थी कि महंत ने ही तंत्र-मंत्र का प्रयोग करके उनकी बेटी और बहु को घर से भगा दिया था। इसी आशंका के चलते बदले की भावना से उसने महंत की हत्या की घटना को अंजाम दिया था। महिला ने महंत को तीन टुकड़ों में काटा था और बेटे की मदद से ऑटो रिक्शा पर ले जाकर ठिकाने लगाया था। पुलिस ने महिला सहित उसके बेटे को किया गिरफ्तार कर लिया और साथ ही हत्या में प्रयुक्त होने वाला बांका व चाकू भी बरामद कर लिया।

Content Editor

Mamta Yadav