महंत नृत्यगोपाल दास की अपील- मठों और मंदिरों में भीड़ ना होने दें भक्त

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2020 - 11:32 AM (IST)

अयोध्याः कोरोना वायरस ने मजबूती से पूरी दुनिया में अपने पैर पसारे हुए हैं। इसके चलते लोग चिंतित हैं। इसी कड़ी में रामनवमी मेले पर लगने वाली भीड़ को रोकने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अध्यक्ष मणिराम दास छावनी पीठाधीश्वर महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने देश के श्रद्धालुओं और संत धर्माचार्यो से की अपील की है कि समाज जब सुरक्षित रहेगा तभी राष्ट्र और उसको संचालित करने वाली संस्थायें, मठ मंदिर मेले और परंपरा जीवित रहेंगी। स्वंय सुरक्षित रहें और भीड़ से बचें।

उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण विश्व आज कोरोना जैसे घातक महामारी का शिकार हो रहा है। इस प्रकार के महासंकट का सामना हमारा देश भी कर रहा है। पूर्व मे भी इसी प्रकार की जानलेवा महामारी का शिकार भारत हो चुका है। उन्होंने कहा ऐसे संकटों का सामना समाज जागरूकता से ही कर सकता है। केन्द्र और प्रदेश सरकार की इस संबंध में की गई अपील राष्ट्रहित में है। हम सभी को इसका पालन करना चाहिए।

नृत्य गोपाल दास ने कहा कि यह राष्ट्र हम सभी का है। भारत माता सर्वोपरि हैं। हम सभी इसके शुभचिंतक हैं। इसको बचाने के लिए भिन्न-भिन्न प्रकार से हम सभी ने संघर्ष किए हैं। आज पुनःएक घातक बीमारी से संघर्ष करने की अवश्यक्ता है। पूर्वजों ने सदैव कहा है कि समाज जब सुरक्षित रहेगा तभी राष्ट्र और उसको संचालित करने वाली संस्थाएं, मठ मंदिर मेले त्योहार और परंपरा जीवित रहेंगी। यह संकट कुछ दिनों मे समाप्त हो जायेगा। इस लिए थोड़े सी आत्मसंतुष्टि के कारण समाज का बलिदान राष्ट्रहित में नही होना चाहिए।

उन्होंने कहा चैत्र नवरात्र और भगवान श्रीरामलला के परंपरागत जन्मोत्सव पर्व पर मठ-मंदिर घर-घर पूजन अनुष्ठान के द्वारा देश समाज मे शान्ति संवृद्धि हेतु हम सभी अपनी श्रद्धा निवेदित करने वाले हैं। इस बार सम्पूर्ण धार्मिक अनुष्ठानों मे शामिल होने वाले भक्त स्वंय इस महामारी को दृष्टिगत रखते हुए निर्णय करें और राष्ट्र के साथ खड़े हों। संतों ने सदैव समाज और राष्ट्र का कल्याण चाहा है। हम सभी समाज और सरकार के साथ खड़े हैं। इस गंभीर संकट मे शासन प्रशासन जो भी समाजहित मे निर्देश देगा उसका पालन करना हमारा कर्तव्य है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static