महाराजा सुहेलदेव का स्मारक भारत की विजय और विदेशी आक्रांताओं के लिए चुनौती का प्रतीक: योगी

punjabkesari.in Friday, Apr 11, 2025 - 08:08 PM (IST)

वाराणसी:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि महाराजा सुहेलदेव का स्मारक भारत की विजय और आक्रांताओं के लिए चुनौती का प्रतीक है। मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को वाराणसी में पिंडरा खंड के फतेपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर की माता दिवंगत जितना देवी राजभर की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार अपने संबोधन में योगी ने कहा, ‘‘महाराज सुहेलदेव ने 1000 साल पहले आक्रांता सालार मसूद और उसकी तीन लाख सैनिकों की विशाल सेना को पराजित कर भारत की विजय पताका फहराई थी लेकिन गुलामी की मानसिकता ने उनके गौरवशाली इतिहास को भुला दिया।

ओमप्रकाश राजभर ने समाज के सामने उस गौरव को फिर से जीवित किया है।” योगी ने कहा, ‘‘यह सौभाग्य की बात है कि आज ऐसी पुण्य भूमि पर हूं, जो चक्रवर्ती सम्राट सुहेलदेव के पराक्रम की गवाह है।'' उन्होंने कहा कि आज महाराज सुहेलदेव का स्मारक बनकर तैयार हो चुका है, जो भारत की विजय और आक्रांताओं के लिए एक चुनौती का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह स्मारक उन लोगों के लिए भी चेतावनी है जो आज भी देश को बांटने और गद्दारी करने की साजिश रच रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पुत्र के लिए इससे बड़ा पुण्य कार्य नहीं हो सकता कि वह अपनी माता की स्मृति को जीवित रखने के लिए आयोजन करे और ओमप्रकाश राजभर ने यह कर दिखाया है जिन्होंने अपने माता-पिता के संस्कारों से अपने संघर्षों का मार्ग प्रशस्त किया। योगी ने भगवान राम का उदाहरण देते हुए कहा, ‘‘माता की महिमा अपरंपार है। श्री राम ने स्वर्णमयी लंका को भी मातृभूमि से छोटा माना। इसी भावना से ओमप्रकाश राजभर ने अपने माता-पिता की परंपरा और संस्कारों को आगे बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने ओमप्रकाश राजभर के दोनों पुत्र अरुण राजभर तथा अरविंद राजभर सहित पूरे परिवार को बधाई दी। उन्होंने इस अवसर पर आए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और फतेपुर की धरती को नयी ऊंचाई देने का संकल्प दोहराया। योगी ने राष्ट्र के विरोध में काम करने वालों को आगाह करते हुए कहा कि सुहेलदेव का इतिहास हर उस गद्दार के लिए सबक है, जो देश को तोड़ने की कोशिश करेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static