आज पूरा विश्व भारत की संस्कृति को नमस्कार कर रहा है: महेंद्र सिंह

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2020 - 06:10 PM (IST)

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने देश और प्रदेश में कोरोना वायरस को लेकर बरती जा रही सावधानी पर रविवार को कहा कि आज पूरा विश्व भारत की संस्कृति को नमस्कार कर रहा है। यहां सर्किट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, "आज पूरा विश्व कह रहा है कि नमस्कार करिए, हाथ मत मिलाइए। भारत की पहले से यह (नमस्कार करने की) संस्कृति रही है जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।" 

उन्होंने कहा कि अभी तक उत्तर प्रदेश में एक भी ऐसी घटना सामने नहीं आई है जिसमें कोरोना वायरस से किसी की मृत्यु हुई हो। इसके बावजूद सभी जिला अस्पतालों में और प्रदेश स्तर पर लखनऊ में शासन, प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने में तैयार है। प्रयागराज जिला के प्रभारी मंत्री सिंह ने बीते दिनों हुई ओलावृष्टि के चलते खड़ी फसलों आदि के नुकसान का आकलन करने के लिए रविवार को यमुना पार चार विधानसभा क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिला प्रभारी मंत्रियों को अपने अपने जिले में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है जिसके तहत मैंने यहां के चार विधानसभा क्षेत्र के गांवों का निरीक्षण किया। इसमें मेजा, कोरांव और बारा विधानसभा के गांव ओलावृष्टि से सबसे अधिक प्रभावित हैं।'' मंत्री ने कहा कि प्रशासन को दो दिन के भीतर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट भेजने को कहा गया है और 10 दिनों के भीतर किसानों को मुआवजे की राशि प्रदान की जाएगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static