सोनभद्र में पहाड़ी धंसने से बड़ा हादसा: 1 की दर्दनाक मौत और 15 से ज्यादा मलबे में फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 11:24 AM (IST)
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र में रात में पहाड़ी धंसने की घटना में कई लोग मलबे में फंस गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशन में राहत और बचाव कार्य जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार अब तक 1 की मौत हो चुकी है और लगभग 15 लोग मलबे में दबे होने की आशंका है।
एडीजी ने मौके पर लिया संज्ञान
वाराणसी एडीजी जोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि एडीजी पीयूष मोर्डिया ने घटना पर तुरंत संज्ञान लिया और खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी ली और राहत-बचाव अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कहां हुआ हादसा?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना बिल्ली मारकुंडी खनन के रासपहाड़ी स्थित कृष्णा माइनिंग वर्क्स की खदान में हुई। पहाड़ी दरकने के कारण पत्थर के नीचे कई लोग दब गए। सूचना मिलने के बाद थाना ओबरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया।
NDRF और SDRF की टीमें राहत में जुटीं
हादसे की सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। दोनों बल मिलकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान चला रहे हैं।
जिलाधिकारी और मंत्री ने किया दौरा
रात में जिलाधिकारी बीएन सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और बचाव कार्य की जानकारी ली। वहीं, उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री और स्थानीय विधायक संजीव कुमार गोंड ने भी मौके का दौरा किया और राहत कार्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थिति अभी भी गंभीर
अधिकारियों ने कहा है कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और बचाव कार्य में पूरी सावधानी बरती जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और बचाव कार्य में बाधा ना डालें।

