झांसी के बबीना फायरिंग रेंज में बड़ा हादसा: युद्धाभ्यास के दौरान फटी T- 90 टैंक की बैरल, दो सैनिक शहीद

punjabkesari.in Friday, Oct 07, 2022 - 07:19 PM (IST)

झांसी: जिले के बबीना में सेना के फील्ड फायरिंग अभ्यास के दौरान एक टैंक का बैरल फट जाने से दो जवानों की मौत हो गयी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक प्रशासनिक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। झांसी के जिलाधिकारी शशि भूषण ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे फील्ड फायरिंग रेंज बबीना में फायरिंग प्रशिक्षण के दौरान एक टैंक का बैरल फट जाने से तीन जवान घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए सैन्य चिकित्सालय बबीना में भर्ती कराया गया।



उन्‍होंने बताया कि पश्चिम बंगाल क्षेत्र के रहने वाले एस. समानता एवं राजस्थान के सुमेर सिंह बगारिया नामक दो जवानों की उपचार के दौरान मौत हो गयी, जबकि एक अन्‍य घायल जवान संतकबीरनगर निवासी प्रदीप यादव का उपचार सेना के चिकित्सालय में चल रहा है।



भारतीय सेना ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि छह अक्टूबर को वार्षिक प्रशिक्षण के दौरान तीन सैन्यकर्मियों द्वारा संचालित एक टैंक का बैरल फट जाने से एक कमांडर और एक गनर ने गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण दम तोड़ दिया। टैंक चालक भी झुलस गया, जिसका उपचार सेना के चिकित्सालय में चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। भारतीय सेना ने शहीद हुए जवानों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

गौरतलब है कि बबीना रेंज फायरिंग झांसी (Jhansi) से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। ब्रिटिश शासनकाल के दौरान यहां कैंटोनमेंट एरिया बनाया गया था। यह तब ब्रिटिश आर्मी के बेस की तरह काम करती थी। अब यह एशिया में सबसे बड़े सैन्य ठिकाने के तौर पर तब्दील हो गई है, जो 2749 एकड़ क्षेत्र में फैली है।  

Content Writer

Tamanna Bhardwaj