NEET छात्र की हत्या के बाद ADG का बड़ा एक्शन, पशुओं की तस्करी… मिलीभगत में लिप्त पाए गए कुशीनगर के 25 पुलिसकर्मी लाइनहाजिर
punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 12:16 AM (IST)

गोरखपुर/कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पुलिस विभाग में भारी फेरबदल देखने को मिला है। गोरखपुर ज़ोन के एडीजी मुथा अशोक जैन ने 25 पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई पशु तस्करों से मिलीभगत और एक NEET छात्र की हत्या के मामले में लापरवाही के आरोपों के बाद हुई है। इस फैसले से पूरे जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
हत्या से खुली मिलीभगत की परतें
कुछ दिन पहले गोरखपुर में NEET की तैयारी कर रहे एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि घटना के तार पशु तस्करी से जुड़े थे। पुलिस सूत्रों की मानें तो इस घटना ने जिले में पुलिस और तस्करों के गठजोड़ की ओर इशारा किया।
खुफिया रिपोर्ट बनी कार्रवाई की आधार
सूत्रों के अनुसार, कुशीनगर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पशु तस्करी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। खुफिया इनपुट्स और स्थानीय शिकायतों से यह संकेत मिला कि कुछ पुलिसकर्मी इन गतिविधियों में संलिप्त या लापरवाह थे। एडीजी स्तर से हुई इस कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि अपराध और भ्रष्टाचार को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज?
थाना | कार्रवाई में शामिल अधिकारी/कर्मचारी |
कसया | थाना प्रभारी अमित शर्मा, 2 SI, 1 सिपाही |
पटहेरवा | 1 SI, 3 सिपाही |
खड्डा | 1 सिपाही |
AHTU | 1 सिपाही |
चौराखास | 2 सिपाही |
हाटा | कोतवाली 1 SSI, 5 सिपाही |
तरया सुजान | 2 दरोगा, 2 सिपाही |
तमकुहीराज | थाना प्रभारी, 1 दरोगा, 1 सिपाही |
"किसी को नहीं बख्शा जाएगा" – ADG का स्पष्ट संदेश
एडीजी मुथा अशोक जैन की इस कार्रवाई को जनता ने सकारात्मक रूप में लिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह कदम संदेश देता है कि चाहे पुलिसकर्मी हो या आम नागरिक, यदि कानून तोड़ा तो कार्रवाई तय है।