वाराणसी पुल हादसे में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 7 इंजीनियर समेत 1 ठेकेदार गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 28, 2018 - 02:52 PM (IST)

वाराणसीः बीती 15 मई को वाराणसी में एक निर्माणाधीन फ़्लाईओवर का हिस्सा गिर गया था। इस पुल के नीचे से गुज़र रही कई गाड़ियां फ़्लाईओवर के पिलर के नीचे दब गईं थी। हादसे में 18 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी। इस मामले पर अब प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 इंजीनियर और 1 ठेकदार को गिरफ्तार किया है। जिसमें चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर एचसी तिवारी भी शामिल हैं। वहीं डीजीपी ओपी सिंह ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। 

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम और पद - 
1. गेंदालाल-पूर्व मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम
2. हरिश्चन्द्र तिवारी-तत्कालीन मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम
3. कुलजस राय सूदन-तत्कालीन परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम 
4. राजेन्द्र सिंह- सहायक अभियंता सिविल
5. राम सत्या सिंह यादव-सहायक अभियंता यांत्रिक सुरक्षा 
6. लाल चंद्र सिंह- अवर अभियंता सिविल
7. राजेश पाल सिंह- अवर अभियंता सिविल / सहयोगी सुरक्षा
8. साहेब हुसैन / ठेकेदार

बता दें कि हादसा वाराणसी-इलाहाबाद की ओर जाने वाले राजमार्ग पर हुआ था। जब ये ओवरब्रिज भरभराकर गिर था तब उसके नीचे ट्रैफिक चल रहा था। गाड़ियां सड़क से चिपक गईं जो जहां था, वहीं थमकर रह गया। कुछ लोगों की चीखें निकल गईं तो वहीं कुछ को चीखने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते 18 लोग मौत के मुंह में समा गए।

हादसे के बाद देर रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे थे। यहां उन्होंने उच्चस्तरीय जांच टीम गठित कर उनसे 48 घंटे में हादसे पर रिपोर्ट मांगी थी। सीएम योगी इस दौरान वाराणसी में घायल लोगों से भी मिले। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुल निर्माण निगम इस 2261 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण 129 करोड़ की लागत से कर रहा था। फ्लाईओवर का जो हिस्सा गिरा है, उसे तीन महीने पहले ही बनाया गया था।

ओवरब्रिज के मुख्य परियोजना प्रबंधक एच सी तिवारी समेत चार अधिकारियों को हादसे की देर रात निलंबित कर दिया गया था। सस्पेंड किए गए अफसरों में चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर एचसी तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर राजेंद्र सिंह, केआर सुदान और एक अन्य राज्य सेतु निगम कर्मचारी लालचंद शामिल थे।

Ruby