गोवंश की सुरक्षा के लिए जन जागरूकता पैदा करे गो सेवा आयोग : योगी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2019 - 10:32 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गो सेवा आयोग गोवंश की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन हेतु जन जागरूकता पैदा करे और इसके लिए आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य जनपदों का भ्रमण कर कार्य करें। योगी ने कहा कि आयोग द्वारा यह देखा जाना चाहिए कि गो संरक्षण स्थलों यथा निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों, गोशालाओं आदि में गायों की उचित देखभाल की जा रही है। आयोग यह भी देखे कि गोवंश तस्करी एवं अवैध बूचड़खानों का संचालन न हो। गोवंश सहित पशुओं के प्रति होने वाली क्रूरता को भी रोका जाए।

आयोग के पदाधिकारी इस हेतु प्रशासन और सामाजिक संगठनों का सहयोग लेकर कार्य करें। मुख्यमंत्री यहां लोक भवन में गो सेवा आयोग के कार्यों को प्रभावी बनाए जाने के सम्बन्ध में आहूत एक बैठक में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को गो सेवा आयोग के कार्यों के सुचारु और प्रभावी संचालन के लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। योगी ने कहा कि आयोग के लिए कार्यालय की व्यवस्था की जाए। आयोग के गैर सरकारी अध्यक्ष/सदस्य का कार्यकाल बढ़ाकर तीन वर्ष किए जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। आयोग के कार्यों के संचालन हेतु पदों का सृजन किया जाए।

आयोग के सदस्यों को आवास/आवासीय भत्ता, सुरक्षा, मानदेय आदि अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गो सेवा आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्य का जनपद भ्रमण का कार्यक्रम मुख्यालय द्वारा निर्गत किया जाए। गो सेवा आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के जनपद भ्रमण के समय जिला प्रशासन के साथ उनकी बैठक हो, जिसमें जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित सभी सम्बन्धित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। जनपद में भ्रमण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अथवा उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आयोग के पदाधिकारियों के साथ रहें।

 

Ruby