यूपी को उत्तम प्रदेश बनाना BJP का प्रथम लक्ष्य: केशव मौर्य

punjabkesari.in Saturday, Oct 14, 2017 - 12:51 PM (IST)

फैजाबाद: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाना हमारा दायित्व है। जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर रुदौली विधानसभा क्षेत्र में रुदौली रेलवे क्रासिंग पर करीब 33 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाले रेल पुल के मौर्य ने शिलान्यास किया।

जानकारी के अनुसार शिलान्यास के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बने क्योंकि देश के करोड़ों हिन्दुओं की जनभावना से जुड़ा हुआ है। जो भी इसका विरोध दर्ज करेगा उसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने अग्निशमन केन्द्र एवं आधा दर्जन मार्गों का भी शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कहना है कि जिस विकास कार्य का शिलान्यास किया जाए उसका उद्घाटन अविलम्ब निर्माण पूरा कराकर किया जाए। मोदी के मार्गदर्शन के तहत मैं वादा करता हूं कि आज जो विकास कार्य का शिलान्यास मेरे द्वारा किया जा रहा है उसका निर्माण कार्य एक वर्ष में पूरा किए जाने के बाद मेरे द्वारा ही पूरा भी किया जाएगा।

मौर्य ने कहा कि अन्य दलों की भांति हम विकास में भेदभाव नहीं करते। मोदी सरकार ने अपने वादे को पूरा करते हुए देश में विकास की गंगा बहाई है जिनमें गरीबों को फ्री गैस कनेक्शन सहित तमाम विकास के उपलब्धियों को उन्होंने बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 18 प्रदेशों में भाजपा की सरकार है। भाजपा के शासनकाल में कोई भी भ्रष्टाचारी बक्शा नहीं जाएगा, वह चाहे कितना भी बलवान क्यों न हो।