मेनका गांधी ने गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र पर लगाया मतदाताओं को धमकाने का आरोप

punjabkesari.in Sunday, May 12, 2019 - 09:08 AM (IST)

सुलतानपुर: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान जारी हैं। इसी बीच सुलतानपुर लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी ने गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, यहां मतदान से पहले ही हालात बिगड़ गए थे। शनिवार आधी रात यहां मेनका गांधी के समर्थकों के साथ मारपीट की गई। चंद्रभद्र सिंह के समर्थकों ने मेनका गांधी के प्रचार में लगे आधा दर्जन लोगों को बुरी तरह से पीटा। इस संबंध में मेनका गांधी ने एसपी से बात भी की थी। सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने बताया कि रात में घटना की सूचना मिली। मेनका गांधी की टीम के लोगों को चोट आई हैं। इस दौरान कई गाड़ियों में भी नुकसान हुआ है।

उल्लेखनीय है कि, छठे चरण में सुलतानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही लोकसभा सीट पर वोटिंग हो रही है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान करवाए जा रहे हैं। इस चरण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

Deepika Rajput