पीलीभीत की जगह इस सीट से चुनाव लड़ सकती हैं मेनका गांधी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 12, 2019 - 11:52 AM (IST)

लखनऊ: महिला व बाल विकास मंत्री मेनका गांधी अपने परम्परागत पीलीभीत निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं, इसकी बजाय वह हरियाणा में करनाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहती हैं। सूत्रों का कहना है कि मेनका ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से अनुरोध किया है कि पीलीभीत में मौजूदा राजनीतिक स्थिति उनके अनुकूल नहीं। करनाल के मौजूदा लोकसभा सांसद अश्विनी कुमार ने इस बार करनाल से चुनाव लड़ने में अपनी असमर्थता व्यक्त की है इसलिए इस सीट से उनके नाम पर विचार किया जाए।

जानकारी मुताबिक मेनका गांधी आने वाले लोकसभा चुनावों में अपने बेटे वरुण गांधी के लिए पीलीभीत संसदीय सीट छोड़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि मामले में अंतिम फैसला भाजपा नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। भाजपा वरुण गांधी को उनकी सीट सुल्तानपुर की जगह पीलीभीत से चुनाव लड़वा सकती है। सुल्तानपुर अमेठी के निकट स्थित है और यहां से उनके चचेरे भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ते हैं।

सूत्रों के मुताबिक यह सुझाव मेनका द्वारा उन आशंकाओं के बीच दिया गया जिनके मुताबिक वरुण को कांग्रेस के कद्दावर उम्मीदवार से शिकस्त मिल सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री हो सकता है खुद हरियाणा के करनाल से चुनाव लड़ें। लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से 19 मई के बीच सात चरणों में होने हैं और नतीजों का ऐलान 23 मई को किया जाएगा।

Anil Kapoor