बेटे का टिकट कटने पर मेनका गांधी का रिएक्शन आया सामने, कहा- देश के लिए अच्छा करेंगे वरुण गांधी

punjabkesari.in Monday, Apr 08, 2024 - 01:58 PM (IST)

लखनऊ: पीलीभीत से मौजूदा सांसद वरुण गांधी टिकट भाजपा ने काट दिया है। उनकी जगह से जितिन प्रसाद को मैदान में उतारा है। इसे लेकर सुलतानपुर से सांसद मेनका गांधी का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा कि टिकट काटना पार्टी का फैसला है। कुछ सोच समझ कर वरुण का टिकट पार्टी ने काटा होगा।  उन्होंने कहा है कि 3 बार के सांसद बेटे वरुण को प्रत्याशी नहीं बनाए जाने को लेकर ना तो कोई हैरानी है और ना ही कोई परेशानी। उन्होंने भरोसा जताया कि वरुण जो भी करेंगे, वह देश के लिए सकारात्मक ही कार्य करेंगे।

आप को बता दें कि पिछले तीन दशक से भी ज्यादा वक्त तक अपना दबदबा कायम रखने वाले मां-बेटे यानी मेनका गांधी और वरुण गांधी इस बार इस सीट के चुनावी रण से बाहर हैं। वरुण का टिकट काटने के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यहां अपने नए प्रत्याशी जितिन प्रसाद को जिताने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। भाजपा इस प्रतिष्ठापूर्ण सीट पर अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए जोरदार तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि मेनका गांधी और वरुण गांधी वर्ष 1996 के बाद से पीलीभीत सीट पर भाजपा का झंडा लहराते रहे हैं लेकिन इस बार पार्टी ने मौजूदा सांसद वरुण गांधी के बजाय प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद को चुनाव मैदान में उतारा है। पीलीभीत में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। जितिन प्रसाद ने साल 2004 और 2009 में क्रमशः शाहजहांपुर और धौरहरा निर्वाचन क्षेत्रों से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता था। वह 2021 में भाजपा में शामिल हो गए। वह इस लोकसभा चुनाव में मैदान में उतरने वाले उत्तर प्रदेश के एकमात्र कैबिनेट मंत्री हैं।

 

Content Writer

Ramkesh