देश में ''आया राम-गया राम'' जैसे कई लोग, नीतीश के इस्तीफे के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने दी प्रतिक्रिया

punjabkesari.in Sunday, Jan 28, 2024 - 02:11 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को बिहार में हुए राजनीतिक उलटफेर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश में 'आया राम-गया राम' जैसे कई लोग हैं। पहले वो और हम मिलकर लड़ रहे थे। जब मैंने लालू जी और तेजस्वी से बात की तो उन्होंने भी कहा कि नीतीश रहे हैं। अगर वह रुकना चाहता तो रुक जाता लेकिन वह जाना चाहता है। इसलिए ये बात हमें पहले से ही पता थी, लेकिन इंडिया गठबंधन को बरकरार रखने के लिए हमने कुछ नहीं कहा। अगर हम कुछ गलत कहेंगे तो गलत संदेश जाएगा। इसकी जानकारी हमें लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने पहले ही दे दी थी। आज वह सच हो गया।



दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेन्द्र वी आर्लेकर को रविवार सुबह अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद उन्होंने प्रेसवार्ता कर कहा कि RJD के रवैये से सरकार चलाने में परेशानी हो रही थी जिसे परेशान हो कर हम ने गठबंधन को तोड़ दिया है। अब हम नए गठबंधन एनडीए में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबकी राय से हमने इस्तीफा दिया है। सरकार बनने का अभी आप लोग इंतजार कीजिए। वहीं इस्तीफे के बाद उन्होंने पीएम मोदी से बात भी की है। पीएम मोदी ने 9वीं बार सीएम बनने की बधाई दी है। जबकि भाजपा से दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की सम्भावना है।

अधिकारियों बताया कि राज्यपाल ने कुमार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और नयी सरकार के गठन तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा। कुमार जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र यादव के साथ राजभवन गए थे। कुमार ने अपने आधिकारिक आवास पर पार्टी विधायकों की एक बैठक की अध्यक्षता करने के बाद इस्तीफा दिया है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से शाम तक नयी सरकार के गठन की संभावना है। इस शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। 

Content Writer

Ramkesh