2 पक्षों के विवाद में हुए पथराव-आगजनी में कई पुल‍िसकर्मी घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

punjabkesari.in Saturday, Jan 13, 2018 - 09:56 AM (IST)

इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद के घूरपुर क्षेत्र में शुक्रवार को 2 पक्षों के बीच विवाद को लेकर जमकर पथराव हुआ। इस विवाद में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घूरपुर के करमा बाजार निवासी धर्मेद्र पटेल और आरोपी वसीम का घर आसपास है। शुक्रवार शाम धर्मेद्र के घर के पास रखे पुवाल को वसीम लेकर अपने घर आ रहा था। धर्मेद्र ने उसे पुआल ले जाते देख लिया जिससे दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। बाद में मामला शांत हो गया। उन्होंने बताया कि सुबह धर्मेद्र अपने चाय की दुकान पर था। तभी वसीम अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर वसीम के भाई नदीम ने धर्मेंद्र के पेट में चाकू मार दिया और आरोपी भाग गया।

घटना की जानकारी मिलने पर धर्मेद्र पक्ष के लोगों ने गौहनिया करछना मार्ग जाम कर दिया। बडी संख्या में मौके पर पुलिस और पीएसी के जवान पहुंच गए। इसके बाद भड़के लोगों की पुलिस से कहासुुनी हो गई और उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया जिसमें एसडीएम करछना के पैर में हल्की चोट लगी,एक पुलिसकर्मी और 3 पीएसी के जवान घायल हो गए। उन्हें एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। एहतियात के तौर पर वहां पीएसी तैनात कर दी गई है। इस सिलिसले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।