गांधी जयंती पर BJP की स्वच्छता मैराथन आज पूरे प्रदेश में

punjabkesari.in Monday, Oct 02, 2017 - 09:37 AM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी एवं सरकार द्वारा स्वच्छता मैराथन सोमवार को पूरे उत्तर प्रदेश में आयोजित की जा रही है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनोज मिश्र ने बताया कि प्रदेश की सभी नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं और सभी नगर निगमों तथा जिला मुख्यालयों पर ‘स्वच्छता ही सेवा की शपथ’ एवं ‘स्वच्छता मैराथन’ आयोजित होगी।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पांडेय, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं डा. दिनेश शर्मा, सभी मंत्री तथा भाजपा संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे।

राजधानी में सुबह साढ़े 8 बजे मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें योगी, प्रदेश अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री शर्मा, कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन और महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा शामिल होंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लखनऊ में स्वच्छता मैराथन तथा स्वच्छता ही सेवा संकल्प की शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कानपुर दक्षिण में तथा दिनेश शर्मा लखनऊ जनपद में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े का समापन 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर होगा।

भाजपा की एक बैठक रुड़की रोड स्थित कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रूपेंद्र सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें जिलाध्यक्ष सैनी ने बताया कि पार्टी के पं. दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अन्तर्गत चल रहे स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा है, कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनपद में जगह-जगह सफाई अभियान चलाया गया।

इस अभियान के माध्यम से भाजपाइयों व अन्य लोगों ने अपने समाज को यह संदेश दिया कि हमें अपने आसपास हमेशा साफ-सफाई रखनी चाहिए। इस पखवाड़े के अन्तर्गत जनपद में अनेकों स्वच्छता अभियान कार्यक्रम सभी मंडलों में लगातार किए जा रहे हैं। सैनी ने बताया कि 2 अक्तूबर को इस पखवाड़े के समापन पर एक कार्यक्रम नगरपालिका परिषद के टाऊन हाल मैदान में आयोजित किया जा रहा है। यहां से एक स्वच्छता मैराथन दौड़ रवाना होगी, इसमें भाजपा द्वारा स्वच्छता के प्रति प्रेरक संदेश जनता को दिया जाएगा।

मुख्यातिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया होंगे। प्रात: 6 बजे यह दौड़ शुरू होगी जो एस.डी. डिग्री कॉलेज मैदान पर जाकर सम्पन्न होगी। इसमें नगरपालिका खतौली के साथ ही जनपद की सभी नगर पंचायतों के निवासियों से भी भाग लेने का अनुरोध किया गया है। रूपेंद्र सैनी ने भाजपा की ओर से नागरिकों से अपने आसपास गंदगी इकट्ठा नहीं होने देने और जिम्मेदार नागरिकों का दायित्व निभाने की अपील की।