विवाहिता को सांप के डंसने पर झाड़फूंक के चक्कर में पड़े परिजन, तोड़ा दम

punjabkesari.in Thursday, Jul 04, 2019 - 03:07 PM (IST)

रायबरेलीः उत्तर प्रदेश के रायबरेली में झाड़फूंक के चक्कर में एक विवाहिता की जान चली गई। जहां एक विवाहिता को सांप द्वारा डंसने पर अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया। यहां महिला ने दम तोड़ दिया। विवाहिता का एक नवजात शिशु है, जो मां के लिए बिलख रहा है।

मामला बछरावां क्षेत्र में समोदा ग्राम का है। यहां के रहने वाले सुशील कुमार की पत्नी शालू 28 वर्ष को घर में कार्य करते समय किसी जहरीले सांप ने डस लिया। लोगों के कहने पर आनन फानन पति सुशील कुमार व परिजन शालू को लेकर सांप का जहर झड़वाने के लिए इधर उधर भटकते रहे, इसी बीच शालू ने दम तोड़ दिया।

मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। महिला का एक दूधमुंहा बच्चा भी है। महिला की मौत के बाद बच्चे का रो रो कर बुरा हाल है। अगर सही समय पर महिला को अस्पताल का इलाज मिला होता तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी।

Tamanna Bhardwaj