सहारनपुर में विवाहिता की जहर खाने से मौत, दहेज हत्या का आरोप

punjabkesari.in Thursday, Dec 14, 2017 - 06:08 PM (IST)

सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि विवाहिता की मौत जहर खाने से हुई है। इतना ही नहीं मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक घटना अम्बेहटा पीर क्षेत्र की है, जहां अम्बेहटा पीर निवासी सौकीन की पत्नी खुशनसीब (25) की बुधवार जहर खाने से मृत्यु हो गई। मृतका के भाई खुशनूद ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर खुशनसीब के पति सौकीन, जेठ मेहरबान और देवर कुर्बान के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में तहसीलदार रामदयाल रमन और चौकी प्रभारी विनोद ने घटनास्थल पर जाकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी है।