जौनपुर में विवाहिता ने लगाई फांसी, परिजनों ने लगाए चौंकाने वाले आरोप

punjabkesari.in Monday, Apr 24, 2017 - 11:12 AM (IST)

जौनपुर: उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के चंदवक क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से मृत्यु हो गई, लेकिन उसके मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के चंदवक क्षेत्र के हिसामपुर गांव निवासी महेश राजभर की 25 वर्षीय पत्नी दीपा रात घर में फंदे पर लटकी मिली। आनन-फानन में परिजन उसे निजी चिकित्सालय ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना जमुनी बारी गांव में उसके मायके वालों को दी गई।

सूचना पर उसकी मां मंजू देवी अपने पुत्रों के साथ हिसामपुर पहुंची। दीपा की मां ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए उसके पति महेश, जेठ गणेश और सुरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।