सरेराह खू/नी खेल... प्रेमिका को गो/ली मारकर युवक ने खुद को भी उड़ाया, मंजर देखकर कांप उठा इलाका

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 10:01 AM (IST)

Agra News: ताज नगरी के मलपुरा थाना क्षेत्र स्थित सफायर कॉलोनी में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शादीशुदा युवक ने बीच सड़क पर अपनी प्रेमिका को गोली मार दी। वारदात के तुरंत बाद जब आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े, तो पकड़े जाने के खौफ में युवक ने उसी तमंचे से खुद की कनपटी पर भी गोली दाग दी। सिर में गोली लगने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल छात्रा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है, जो मलपुरा के इटौरा गांव का रहने वाला था और सैंया टोल प्लाजा पर नौकरी करता था। अरुण शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, उसका हाथरस की रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा हनी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हनी आगरा में किराए पर कमरा लेकर बीएससी (B.Sc) की पढ़ाई कर रही है और उसके पिता भारतीय सेना में तैनात हैं।

ये भी पढ़ें:- 'पुलिस के पास FIR के सिवा कोई काम नहीं...': राहुल के बचाव में उतरे अखिलेश, दिल्ली पुलिस पर तीखा प्रहार

बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हनी अपनी एक सहेली के साथ अरुण से मिलने सफायर कॉलोनी पहुंची थी। दोनों सड़क किनारे खड़े होकर बात ही कर रहे थे कि किसी पुरानी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि अरुण ने अपनी कमर में रखा तमंचा निकाला और सीधे हनी पर फायर कर दिया। सीने और पेट के पास गोली लगते ही छात्रा खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई और हनी की सहेली खौफ के मारे वहां से भाग निकली।

बताया जा रहा है कि गोली की गूंज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके की तरफ दौड़े। लोगों की भीड़ को अपनी ओर आता देख अरुण घबरा गया। उसे लगा कि भीड़ उसे दबोच लेगी। इसी घबराहट और डर में उसने वही तमंचा अपनी कनपटी से सटाया और ट्रिगर दबा दिया। गोली सिर के पार हो गई और अरुण ने वहीं तड़पकर दम तोड़ दिया। पलभर में सड़क का वो मंजर खौफनाक हो गया, जहां एक तरफ युवक का बेजान जिस्म पड़ा था, तो दूसरी तरफ खून से सनी छात्रा कराह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही मलपुरा पुलिस, एसीपी और एडीसीपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए घायल हनी को पास के मिलिट्री (सैनिक) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से खोखे, तमंचा और खून के नमूने हासिल किए हैं।

ये भी पढ़ें:- 'तैरिये कि आप लखनऊ में हैं'... इकाना स्टेडियम और मॉल तक पहुंचा गोमती नदी का पानी, अखिलेश का तीखा तंज

मामले में एक दिलचस्प और संगीन पहलू भी सामने आया है। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि कुछ समय पहले ही हनी ने अरुण के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में कोर्ट में धारा 164 के बयानों में वह अपने आरोपों से मुकर गई थी, जिसके चलते वह केस बंद हो गया था। परिजनों के मुताबिक, करीब 2 महीने पहले ही हनी ने अरुण से सारे नाते तोड़ लिए थे। हनी के भाई हरिओम ने बताया कि बुधवार सुबह ही उसकी बहन का फोन आया था और वह बार-बार अरुण के बारे में पूछ रही थी। अरुण उस वक्त नाइट ड्यूटी करके लौटा ही था। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब दोनों के बीच दूरी बन चुकी थी, तो फिर बुधवार को अचानक मुलाकात का प्लान कैसे बना?

पुलिस फिलहाल सफायर कॉलोनी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह साफ हो सके कि दोनों वहां कैसे और किस वक्त पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश, एफआईआर और अचानक हुए इस खूनी खेल के हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static