विवाहिता ने फंदा लगाकर की सुसाइड, दहेज हत्या के आरोप में मामला दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, Jan 13, 2021 - 07:12 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली,मायके वालों को दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि काकोरी इलाके कुसमी निवासी रामशंकर यादव ने आज थाने में तहरीर दी कि उसकी 22 वर्षीय पुत्री नंदनी ने घर के कमरें की छत में लगे हुक में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी थी।

उन्होंने बताया कि 24 नवम्बर वर्ष 2019 को उसने अपनी पुत्री की शादी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में लकड़मण्डी निकट तम्बाकू कारखाना निवासी सुगन्ध सिंह से की थी। शादी के बाद से ही उसकी पुत्री का पति सुगन्ध सिंह, सास श्रीमती शीला यादव और रामनरेश दहेज के लिए उसकी पुत्री को प्रताडि़त करते थे और घर से निकाल दिया था। ससुराल वालों ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसकी प्रताडऩा से तंग आकर उसकी बेटी ने फांसी लगा ली। इस संबंध में थाना काकोरी पर नंदनी के ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 

Ramkesh