घर में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पिता ने ससुरालवालों के खिलाफ दर्ज कराया दहेज हत्या का मामला

punjabkesari.in Monday, Nov 07, 2022 - 03:42 PM (IST)

नोएडा (उप्र): उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां फेज-2 थाना क्षेत्र के नगला चरणदास गांव में एक विवाहिता का शव पंखे के फंदे से लटका मिला। महिला के पिता ने इस संबंध में उसके पति समेत 7 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

जानकारी के मुताबिक फेज-2 के थाना प्रभारी निरीक्षक परमहंस तिवारी ने बताया कि कुछ समय पूर्व नगला चरणदास गांव के साहिल के साथ निशा की शादी हुई थी। रविवार को निशा का शव उसके घर में पंखे के फंदे से लटका मिला। उन्होंने बताया कि इस संबंध में निशा के पिता अहमद अली ने उसके पति साहिल, ससुर फैयाज, सास ताहिरा, ननद नेहा एवं सबीना तथा पड़ोसी शौकीन और ताहिर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है। 

Content Editor

Anil Kapoor