‘नोटबंदी से 90 फीसदी आबादी पाई-पाई को मोहताज’

punjabkesari.in Wednesday, Dec 14, 2016 - 03:39 PM (IST)

बस्ती: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने नोटबंदी को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस फैसले से देश की 90 फीसदी आबादी पाई पाई को मोहताज हो गई है और लोग अपने ही पैसे को लेने के लिए बैंक की कतार में लगने को मजबूर हैं। उत्तर प्रदेश रालोद अध्यक्ष डा. मसूद अहमद ने यहां पत्रकारों से कहा कि नोटबंदी से महज 10 प्रतिशत पूंजीपतियों और राजनेताओं को फायदा हुआ है जिन्होंने विमुद्रीकरण की आड़ में अपना कालाधन सफेद कर लिया है मगर सरकार के इस निर्णय से गरीब परेशान है। देश भर में विकास का कार्य अवरूद्ध हो गया है। केन्द्र सरकार का यह निर्णय देश हित में नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने कालेधन को परिवहन निगम के माध्यम से सफेद कर लिया है जबकि बसपा प्रमुख मायावती ने अपने प्रत्याशियों के माध्यम से कालेधन को सफेद कर लिया है। भारतीय जनता पार्टी ने बैंको के माध्यम से अपने काले धन को सफेद कर लिया है। प्रदेश और देश की जनता परेशान है। उसको बैंको से भुगतान नहीं मिल पा रहा हैं।

गठबंधन में जनतादल (यू), एनसीपी, बीएसफोर शामिल
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रालोद गठबंधन विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने बताया कि गठबंधन में जनतादल (यू), एनसीपी, बीएसफोर, जनता दल सेकुलर शामिल है। गठबंधन प्रत्याशियों की सूची दिसम्बर के अन्त तक घोषित कर दी जाएगी। केन्द्र तथा प्रदेश सरकार के कार्याे की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि लगता ही नहीं है कि प्रदेश और देश में कोई सरकार काम कर रही है। केन्द्र तथा प्रदेश सरकार सभी मोर्चाे पर विफल है। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव शिवकरण सिंह तथा प्रदेश सचिव ऐश्वर राज सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें