''केन्द्रीय मंत्री का रेल किराया बढ़ाने बारे सोचना आम जनता के साथ मजाक''

punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2016 - 08:28 AM (IST)

लखनऊ: राष्ट्रीय लोकदल उप्र के अध्यक्ष डा. मसूद अहमद ने केन्द्र सरकार की नीतियों पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्रीय मंत्री का रेल किराया बढ़ाने बारे सोचना आम जनता के साथ मजाक  है। उन्होंने कहा कि देश के रेलमंत्री और उनका मंत्रालय शीघ्र ही यात्रियों का किराया पुन: बढ़ाने की तैयारी कर रहा है जिससे एक बार फिर आम जनता पर कुठाराघात ही होगा।

यात्रियों से कर वसूल करने की तैयारी कर रही केन्द्र सरकार
विश्वस्त सूत्रों द्वारा ज्ञात हुआ कि रेलवे द्वारा यह किराया बढ़ौतरी यात्रियों पर सुरक्षा कर लगाकर की जाएगी। डा. अहमद ने कहा कि अब केन्द्र सरकार यात्रियों की सुरक्षा का उत्तरदायित्व निभाने के लिए कर वसूल करने की तैयारी कर रही है जोकि निंदनीय है। क्या केन्द्र सरकार ने जनता की सुरक्षा के लिए स्वयं उत्तरदायित्व निभाने के लिए सुरक्षा कोष बनाने का प्रस्ताव खारिज करके संवेदनहीनता का परिचय दिया है, यद्यपि सम्पूर्ण देश की जनता के साथ जब देश के प्रधानमंत्री अचानक नोटबंदी की घोषणा करके संवेदनहीन होने का प्रमाण दे चुके हैं तब फिर वित्त मंत्री और वित्त मंत्रालय द्वारा देश की जनता के प्रति संवेदनशील होने की कल्पना निराधार है।

भारतीय जनता पार्टी ने पार की सारी हदें
रालोद प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि देश की आम जनता के साथ क्रूर मजाक करते हुए भारतीय जनता पार्टी सारी हदें पार कर चुकी है। केन्द्र सरकार को अभी लगभग अढ़ाई वर्ष जनता झेलती रहेगी परंतु आगामी विधानसभा चुनावों में 5 राज्यों में निश्चित रूप से जनता इसका बदला अवश्य लेगी। देश के किसानों, मजदूरों एवं नौजवानों की अंगड़ाई रोक पाना भारतीय जनता पार्टी के बस की बात नहीं है। अब यह देश किसान मसीहा चौ. चरण सिंह के सपनों का भारत बनेगा तथा सभी राज्यों की सरकारें किसानों, मजदूरों और नौजवानों की अपनी सरकारें होंगी।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें