Kanpur Violence: मास्टरमाइंड हाशमी की पत्नी का आरोप- असली गुनाहगारों तक पहुंचने में विफल पुलिस बेकसूर पति पर फोड़ रही है उपद्रव का ठीकरा

punjabkesari.in Saturday, Jun 04, 2022 - 09:58 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश में कानपुर हिंसा मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हयात जफर हाशमी की पत्नी ने आरोप लगाया है कि असली गुनाहगारों तक पहुंचने में विफल पुलिस उसके बेकसूर पति पर हिंसा का ठीकरा फोड़ना चाहती है।       

बेकनगंज में शुक्रवार को हुई हिंसा में पुलिस ने तीन मुकदमे दर्ज करते हुए शनिवार शाम तक 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के मुख्य आरोपी मौलाना मोहम्मद अली (एमएमए) जौहर फैंस एसोसिएशन का अध्यक्ष हयात जफर हाशमी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट पहुंची हाशमी की पत्नी उजमा ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका पति उपद्रवियों में शामिल नहीं था। असली आरोपितों तक पुलिस पहुंच नहीं पा रही है, इसलिए हयात का नाम जबरन जोड़ा जा रहा है।       

उजमा ने कहा कि उन्हें अदालत में पूरा भरोसा है और न्याय जरूर मिलेगा। उजमा ने बताया कि नुपुर शर्मा के बयान को लेकर हयात जफर हाशमी ने बंद का आह्वान जरूर किया था लेकिन पुलिस और प्रशासन द्वारा अनुमति न मिलने पर बंद को वापस ले लिया था। इसके लिए उन्होंने अपने सभी समर्थकों से बंद में शामिल नहीं होने की अपील भी की थी।शुक्रवार को पूरे दिन हयात जफर घर पर ही रहे और बाहर भी नहीं निकले।

Content Writer

Mamta Yadav