मथुरा में BJP ने किया क्लीन स्वीप: श्रीकांत शर्मा ने अपनी ही जीत का रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास

punjabkesari.in Thursday, Mar 10, 2022 - 07:33 PM (IST)

मथुरा: ब्रज में लड्डू होली के दिन विधानसभा चुनावों की मतगणना हुई। मथुरा जनपद की पांचों विधानसभाओं में जीत का लड्डू भाजपा को मिला। पांचों विधानसभाओं में क्लीनस्वीप करते हुए भाजपा ने भगवा फहरा दिया। मथुरा विधानसभा विधानसभा सीट पर 262608 लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। बीजेपी प्रत्याशी और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा  इस चुनाव में इतिहास रच दिया है। पिछली बार मिली जीत के अंतर में छह हजार वोटों का इजाफा करते हुए शर्मा को एक लाख 58859 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर को एक लाख 9803 वोट से पराजित किया। प्रदीप माथुरा को कुल 49 हजार 56 वोट मिले। जबकि तीसरे स्थान पर रहे एस.के. शर्मा को 31551 वोट हासिल हुए।

सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी देवेन्द्र अगवाल को कुल 18475 वोट हासिल हुए। मथुरा विधानसभा सीट पर कृष्ण कुमार शर्मा, जगदीश प्रसाद कौशिक, रामनरेश उपाध्याय, लाडो देवी, विभोर शर्मा, सत्येंद्र सिंह, सुरेश चंद्र बघेल, अनीता देवी, यतेंद्र सिंह, रवि वर्मा, श्याम सुंदर चुनाव लड़े थे। छाता विधानसभा में कुल 237636 वोट पड़े थे जिसमें चौधरी लक्ष्मीनरायण को 124414 वोट मिले। जबकि उनके निकटत प्रतिद्वंद्वी रालोद, सपा गठबंधन प्रत्याशी ठाकुर तेजपाल सिंह को कुल 75 हजार 486 मत मिले। चौधरी लक्ष्मीनरायण को 48 हजार 894 मतों से जीत मिली। छाता विधानसभा से कुलभानू कुमार, पूरन देवी कांग्रेस, सोनपाल बसपा, प्रहलाद सिंह चौधरी, सुबराती खान, अतुल, करन सिंह, तेज सिंह, राजीव शर्मा, लक्ष्मीनारायण चुनाव लड़े थे।

गोवर्धन विधानसभा में कुल 220567 मत पड़े, जिनमें से 99572 मत ठा. मेघश्याम के खाते में आए। मेघश्याम ने 42440 वोटों से जीत हासिल की। जबकि उनके निकटत प्रतिद्वंद्वी बसपा प्रत्याशी राजकुमार रावत को 57132 मत मिले। वहीं सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी पीतम सिंह के खाते में 55247 मत आए वह तीसरे नम्बर पर रहे। दीपक चौधरी कांग्रेस, अन्नत कौशिक, अशोक, प्रेम सिंह, भूरी, पीतम, प्रदीप कुमार, मेघश्याम, शर्मा विपुल, संजय सिंह चुनाव मैदान में थे। मांट विधानसभा में कुल 223400 मत पड़े थे जिसमें से भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी को 79956 मत मिले जबकि उनके निकटत प्रतिद्वंद्वी बसपा प्रत्याशी श्यामसुंदर शर्मा को 71349 मत प्राप्त हुए। तीसरे नम्बर पर सपा, रालोद गठबंधन प्रत्याशी संजय लाठर रहे उन्हें 57981 मतों से संतोष करना पडा।

मांट में सुमन चौधरी कांग्रेस, राज कुमार, रामबाबू सिंह, सुभाष चौधरी, देवेंद्र सिंह, युगल किशोर पांडेय चुनाव लडे थे। बलदेव विधानसभा विधान सभा सीट के लिए हुए मतदान में कुल 243986 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया जिसमें से भाजपा प्रत्याशी पूरन प्रकाश ने कडे मुकाबले में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रालोद सपा गठबंधन की बबीता देवी को हराया। बसपा प्रत्याशी यहां तीसरे नम्बर रहे। फोटो-10 यूपीएच मथुरा 01, 01ए मथुरा स्थित मंडी परिसर में चुनाव को लेकर की गई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।

Content Writer

Mamta Yadav