अखिलेश माया की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कल, लोकसभा चुनाव के लिए करेंगे गठबंधन का ऐलान

punjabkesari.in Friday, Jan 11, 2019 - 01:04 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP)अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (BSP)सुप्रीमो मायावती शनिवार दोपहर को एक साझा पत्रकार वार्ता करेंगे। माना जा रहा है इसमें लोकसभा चुनावों में महागठबंधन की सीटों को लेकर घोषणा हो सकती है। इस आशय की जानकारी शुक्रवार सुबह BSP के महासचिव सतीश मिश्रा और SP सचिव राजेंद्र चौधरी ने एक साझा बयान में दी। यह पत्रकार वार्ता शनिवार दोपहर शहर के 5 सितारा होटल में आयोजित होनी है। हाल ही में दोनों दलों के नेताओं ने दिल्ली में भेंट कर लोकसभा चुनावों में महागठबंधन के स्वरूप पर चर्चा की थी।

सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटों में से SP और BSP की योजना 37-37 सीटों पर चुनाव लड़ने की है। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल (RLD) को भी 2 या 3 सीटें देने की चर्चा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सीट अमेठी और सोनिया गांधी की सीट रायबरेली पर महागठबंधन अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगा। निषाद पार्टी को भी महागठबंधन में शामिल किया जा सकता है। 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 80 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी गठबंधन ने 73 सीटें जीती थीं और इस बार उसके नेता 73 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं।

BSP-SP और RLD ने साथ मिलकर उपचुनाव लड़ा था जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखपुर सीट और उप मुख्यमंत्री की फूलपुर सीट से सपा प्रत्याशियों को जीत मिली थी। जबकि कैराना सीट पर रालोद प्रत्याशी ने BJP से यह सीट छीनी थी। बसपा सुप्रीमो मायावती गुरुवार शाम दिल्ली से लखनऊ पहुंची। पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वह 15 जनवरी को अपने जन्मदिन के दिन महागठबंधन की साझा प्रेस कांफ्रेंस कर सकती है लेकिन अब जन्मदिन के 3 दिन पहले ही इस प्रेस कांफ्रेस का आयोजन किया जा रहा है।

Anil Kapoor