मायावती कभी दलितों की हितैषी नहीं रही और वह उन्हें ठगने में लगी हैं: महेन्द्र नाथ पांडेय

punjabkesari.in Friday, Apr 12, 2019 - 09:36 AM (IST)

देवरिया: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी (BSP) अध्यक्ष मायावती कभी दलितों की हितैषी नहीं रही हैं और वह उन्हें ठगने में लगी हैं। पांडेय यहां जीआईसी के मैदान में पार्टी के महिला सम्मेलन और साइबर योद्धा सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में आज 2 तरह की राजनीतिक परिस्थितियां खड़ी हैं। एक तरफ कुछ लोग राजनीति में आकर तरह-तरह के प्रलोभन देने के साथ जाति-पाति एवं सम्प्रदाय के नाम राजनीति करने वालों का चरित्र है, तो दूसरी ओर भाजपा है जो सबका साथ सबका के विकास के लिए कटिबद्ध है।

उन्होंने बगैर नाम लिए विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को सत्ता दौलत और हवेलियों आदि के लिए चाहिए जबकि भाजपा की राजनीति देश और समाज के विकास के लिए होती है। उन्होंने मायावती पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में जो महाठग गठबंधन बना है। वह केवल सत्ता पाने के लिए बनाया गया है। पाण्डेय ने सवाल उठाते हुए कहा कि मायावती कौन सी फैक्ट्री चलाती हैं कि वे 46 करोड़ रुपए प्रति वर्ष आयकर देती हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐसा कौन सा काम कर रहे हैं कि सन 2012 से 2017 के बीच लखनऊ में 300 कमरों का होटल बनवाते हैं। इसका जवाब इन दोनों नेताओं को जनता के बीच देना चाहिए।

कांग्रेस पर हमलावर होते हुए पांडेय ने कहा कि कांग्रेस का देश में भ्रष्टाचार का एक बड़ा रिकार्ड रहा है। ये परिवार की राजनीति करते हैं जबकि देश के नेता नरेंद्र मोदी का अपना कोई परिवार नहीं है,लेकिन देश के करीब 130 करोड़ लोग उनका परिवार हैं। इसी तरह प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपना कोई परिवार नहीं है। प्रदेश के 23 करोड़ लोग उनके अपने परिवार हैं। उन्होंने दलितों के नाम पर राजनीति करने वाली मायावती पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि उसने प्रदेश में 36 लोकसभा सीटों को उद्योगपतियों को बेचा है, जिसका जवाब जनता उनको देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा दलितों की सेवा करने के लिए है जबकि बसपा मुखिया उनको मूर्ख बनाकर दौलत बनाने में जुटी है।

Anil Kapoor